Rewa News: रीवा कलेक्टर ने कहा- सभी राशन कार्डधारी 31 मई से पहले करा लें ई-केवाईसी

ई-केवाईसी कराने पर ही मिलेगा अगले माह से खाद्यान्न: प्रतिभा पाल

 | 
Rewa News

रीवा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित उचित मूल्य दुकानों से खाद्य सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को हर माह निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न दिया जा रहा है। शासन द्वारा एक जून से स्मार्ट खाद्यान्न वितरण व्यवस्था लागू की जा रही है। 

इस व्यवस्था का लाभ लेने के लिए प्रत्येक राशन कार्ड में दर्ज हितग्राही का ई-केवाईसी होना अनिवार्य है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सभी राशन कार्डधारियों से अपील करते हुए कहा है कि इस माह का खाद्यान्न लेने के लिए उचित मूल्य दुकान जाने पर सभी सदस्यों का ई केवाईसी करा लें।

ई केवाईसी न कराने पर यह माना जाएगा कि राशन कार्ड में दर्ज सदस्य वर्तमान में दर्ज पते पर नहीं रह रहा है। इसे स्थाई पलायन मानते हुए उसका नाम राशन कार्ड से पृथक किया जाएगा। ई केवाईसी न कराने पर 31 मई के बाद खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिलेगा। 

विलोपन की कार्यवाही करें
कलेक्टर ने एसडीएम जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जिला आपूर्ति अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को ई केवाईसी से शेष अपात्र सदस्यों का पोर्टल से नाम 31 मई तक विलोपित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जो व्यक्ति उचित मूल्य दुकान में आकर पूरी जानकारी प्रस्तुत कर दे उसका ई केवाईसी तत्काल कर दें। 

10 लाख 10 हजार 855 ई-केवाईसी अपडेट
वहीं इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश तांडेकर ने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा योजना से लाभान्वित परिवारों के 12 लाख 48 हजार 209 सदस्य राशन मित्र पोर्टल पर दर्ज हैं। इन सभी सदस्यों का ई केवाईसी दर्ज कराने तथा मृतक एवं स्थाई रूप से पलायन कर गए व्यक्तियों के नाम पृथक करने की कार्यवाही लगातार की जा रही है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि अब तक जिले में 10 लाख 10 हजार 855 हितग्राहियों की ई केवाईसी की जा चुकी है। यह कुल हितग्राहियों का 81 प्रतिशत है।