Rewa News: रीवा में बिना अनुमति चल रहा था राजवाड़ा मैरिज गार्डन, नगर निगम ने किया लॉक

दर्जन भर विवाह घरों का नपानि टीम ने किया मुआयना, मनमानी का मिला अम्बार

 | 
Rewa

रीवा। नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न वार्डो में संचालित मैरिज गार्डनों की जांच एवं कार्यवाही की जा रही है। नगर निगम के जोनल अधिकारी राजेश सिंह एवं एचके त्रिपाठी द्वारा भ्रमण कर मैरिज गार्डनों की जानकारी ली गई साथ ही बिना अनुज्ञा के संचालन पर सख्त कार्यवाही की गई। 


गत दिवस जोन क्रमांक 3 अंतर्गत संचालित कलश मैरिज गार्डन, राजवाड़ा मैरिज गार्डन, मां फूलमती, रॉयल कैसल, लगन, हरिओम, सिन्धुभवन, नारायण, सूर्या एवं रॉयल पैलेस का निरीक्षण जोनल अधिकारी द्वारा राजस्व दल के साथ किया गया। 


इस दौरान राजवाडा मैरिज गार्डन बिना अनुमति के संचालित करते पाए जाने पर तालाबंदी की कार्यवाही की गई एवं जिन बारातघरों में नियमों के उल्लंघन पाया गया। उनके ऊपर कुल रू. 30000 की चालानी कार्यवाही की गई एवं अन्य मैरिज गार्डनों को तत्काल सुधार हेतु नोटिस जारी की गई। साथ ही समझाइस दी गई कि शासन की निर्धारित गाइडलाइन अनुसार ही मैरिज गार्डन संचालन किया जा सकेगा, बिना अनुमति एवं नियमों के उल्लंघन पर निरंतर कड़ी कार्यवाही की जावेगी।