Rewa News: रीवा में बोले एमपी के डिप्टी सीएम- विंध्य का भविष्य कला और संस्कृति की प्रतिभाओं से समृद्ध रहेगा
केआरके ऑडिटोरियम में जनजातीय आनंद उत्सव का हुआ शुभारंभ, अपर्णा सराठे के कथक नृत्य ने दर्शकों का मन मोहा

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विश्व महिला दिवस के अवसर पर कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित जनजातीय आनंद उत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य सदैव कला और संस्कृति की प्रतिभाओं से समृद्ध रहा है। नए कलाकारों को देखकर यह सहज ही अनुभूति हो रही है कि विंध्य का भविष्य कला और संस्कृति की प्रतिभाओं से सदैव समृद्ध रहेगा। कला से जीवन में जो रस प्राप्त होता है उसे केवल अनुभव किया जा सकता है। विकास रूपी शरीर के मन और प्राण कला और संस्कृति हैं।
संगीत सुख, शांति की अनुभूति देता है: राजेंद्र शुक्ल
डिप्टी सीएम ने कहा, संगीत हमारे मन के दुखों को मिटाकर सुख और शांति की अनुभूति देता है। संगीत आत्मा को शुद्ध करके परमात्मा से मिलन करने का साधन है। आज विश्व महिला दिवस पर मणिका कला और संस्कृति संस्थान ने प्रदेश भर के कलाकारों को एकत्रित करके शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किया है। इस कार्यक्रम ने कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम के निर्माण को सार्थक कर दिया है।
रीवा तेजी से विकसित हो रहा: डिप्टी सीएम
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से विकसित हो रहा है। विकास होने के साथ-साथ नई पीढ़ी में अच्छे संस्कार तथा कला और संस्कृति की अनुभूति होना भी आवश्यक है। इनके अभाव में विकास भी वरदान के स्थान पर अभिशाप बन जाता है। आज विकास के साथ-साथ कला, संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक का चारों ओर विकास हो रहा है। विकास के लिए अब संसाधनों की कमी नहीं है।
कलाकारों को किया गया सम्मानित
समारोह में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के प्रयासों से रीवा में विकास की गंगा बह रही है। संसाधनों और अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ कला और संस्कृति का भी समुचित पोषण हो रहा है। उप मुख्यमंत्री जी ने रीवा के सर्वांगीण विकास के लिए सफल प्रयास किए हैं। जनजातीय आनंद उत्सव में उप मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समारोह में सभी अतिथियों को भी मणिका संस्कृति और कला संस्थान की ओर से स्मृति सिंह देकर सम्मानित किया गया।
दी गईं विभिन्न प्रस्तुतियां
समारोह में मणिका पाण्डेय और कल्याणी मिश्रा ने बघेली लोकगीतों के माध्यम से मनोहारी प्रस्तुति दी। उनके गीतों से श्रोता झूम उठे। समारोह में नर्मदापुरम की कलाकार अपर्णा सराठे ने मनोहारी कथक नृत्य प्रस्तुत किया। छतरपुर से आई बुंदेली लोक कलाकार कविता शर्मा ने बुंदेली गीतों से सब का मन मोह लिया। समारोह में स्नेहा गहलोत और उनके साथियों ने मधुर मालवी लोकगीत प्रस्तुत किया। मणिका पाण्डेय और उनके साथी कलाकारों ने बघेली लोकगीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद, प्रभारी आईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता पूर्व महापौर राजेंद्र ताम्रकार, राजगोपाल मिश्रचारी, राजकुमार शास्त्री, लोक गायिका मणिमला सिंह सहित बड़ी संख्या में लोक कलाकार एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ आरती तिवारी तथा सुरेंद्र पांडे ने किया।