Rewa News: गुढ़ गैंगरेप के आरोपियों को उम्रकैद की सजा; एसपी ने किया पुरस्कृत
पुलिस टीम, शासकीय अधिवक्ता व प्राइवेट लोगों को दिया गया इनाम

रीवा। गुढ़ में महिला के साथ सामूहिक बलत्कार की घटना में आरोपियों को न्यायालय से उम्र कैद की सजा हुई है। इस पर एसपी ने गुरुवार को सभी पुलिसकर्मियों, शासकीय वकीलों और प्राइवेट लोगों को इनाम दिया है जिन्होंने घटना के बाद से आरोपियों को पकड़ने और उनको सजा दिलवाने में अपना योगदान दिया था।
बताया गया है कि गुढ़ थाना क्षेत्र की पहाड़ी में एक महिला के साथ आरोपियों ने गैंगरेप की घटना की थी। पति को बंधक बनाकर महिला के साथ पांच लोगों ने बलात्कार किया था। आठ आरोपियों को पकड़कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश पदमा जाटव की अदालत ने आरोपियों को ता उम्र जेल में रहने और अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।
आरोपियों को पकड़ने और सजा दिलवाने में जिन लोगों ने काम किया था उनको गुरुवार को पुरस्कृत किया गया है। एसपी विवेक सिंह, एएसपी अनिल सोनकर, डीएसपी हिमाली पाठक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसपी ने कहा कि यह घटना काफी गंभीर थी और घटना के उपरांत जिस तरह से पुलिस ने काम किया और आम लोगों ने भी पुलिस की मदद की वह प्रशंसनीय है। शासकीय अधिवक्ताओं द्वारा पूरे मामले की गंभीरता के साथ पैरवी की गई और आरोपियों को उनके किए की सजा दिलवाने में मदद की।
उन्होंने कहा कि जो काम सबके साथ मिलकर किया जाता है वह सफल होता है। इस घटना में भी सभी लोगों ने मिलकर काम किया और आरोपियों को अंजाम तक पहुंचाया। हम उ मीद करते है कि भविष्य में भी इसी तरह आप लोग काम करेंगे।