Rewa News: रीवा में छोटी बहन पर आया दूल्हे का दिल, शादी की रख दी शर्त; दुल्हन ने खाया जहर
मनगवां थाना क्षेत्र से युवती को इलाज के लिए लाया गया हॉस्पिटल, हालत गंभीर

रीवा। शादी से पहले दूल्हे का दिल दुल्हन की छोटी बहन पर आ गया। एक दिन पहले उसने फोन करके शादी करने से इंकार कर दिया। इस बात की जानकारी जब दुल्हन को हुई तो उसने अपने घर में अज्ञात कीटनाशक का सेवन कर लिया। उसकी तबियत बिगड़ने पर घर वाले आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे है।
बताया गया है कि दूल्हे के मुंह से इंकार सुनकर दुल्हन ने जहर का सेवन कर लिया। मनगवां थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती थी जिसकी शादी घर वालों ने सीधी जिले में तय की थी। शादी की बातचीत फरवरी महीने से चल रही थी और 16 तारीख को घर वाले तिलक चढ़ाने गए थे।
शुक्रवार को लड़की बारात सीधी से आने वाली थी और शादी समारोह रीवा के विवाह घर में होने वाला था लेकिन शादी के एक दिन पहले दूल्हे ने फोन किया और शादी करने से इंकार कर दिया। दूल्हे ने दुल्हन की छोटी बहन के पसंद होने की जानकारी दी और उससे शादी करने की इच्छा जाहिर की। यह सुनकर घर वाले हैरान रह गए।
बताया गया है कि सभी लोगों ने बीती रात मनगवां थाने में पहुंचकर दूल्हे के द्वारा शादी तोड़ने और दहेज मांगने कि रिपोर्ट की। शादी टूटने का सबसे ज्यादा सदमा दुल्हन को लगा जिसने शुक्रवार को सुबह अपने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया।
घर वालों को उसके इस कदम की जानकारी काफी देर बाद हुई जो लड़की को लेकर आनन-फानन में अस्पताल आए। उसको संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टर उसकी जान बचाने में लगे हुए हैं। घर वालों ने दूल्हा और उसके घर वालों पर गंभीर आरोप लगाए है।
फरवरी महीने में तय हुई थी शादी, कुछ नहीं बताया
घर वालों का कहना था कि शादी की बातचीत फरवरी महीने से चल रही थी। गांव के एक व्यक्ति ने अपनी रिश्तेदारी में शादी तय कराई थी। विवाह की कई रस्मे भी अदा हो चुकी थी। दो दिन पहले तिलकोत्सव कार्यक्रम था जिसमें भी उन्होंने कुछ नहीं बताया।
दहेज के रूप में लाखों रुपए लेने के बाद अब दूल्हा इस तरह की शर्त रख रहा है। यदि उससे शादी नहीं करनी थी तो पहले बता देता लेकिन दहेज की रकम लेने के बाद उसने यह शर्त रखी है जिसकी वजह से लड़की ने जहर खा लिया।
इनका कहना है-
कुछ लोग थाने आए थे जिन्होंने वर पक्ष के द्वारा शादी तोड़ने के बारे में रिपोर्ट की है। पूरे प्रकरण को जांच में लिया गया है। शादी किन कारणों की वजह से टूटी थी इसका पता लगाया जा रहा है।
-वर्षा सोनकर, टीआई मनगवां