Rewa News: रीवा में डिप्टी सीएम ने किया सूर्य नमस्कार, बोले-स्वस्थ समाज से हो रहा आर्थिक संपन्न भारत का निर्माण
स्वामी विवेकानंद जयंती पर हुआ भव्य आयोजन, काफी तादात में शामिल हुए लोग

रीवा। स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। रीवा के मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक ग्राउण्ड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।
उन्होंने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम भी किया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ्य समाज आर्थिक संपन्न भारत के निर्माण में सहायक है। हम स्वस्थ एवं प्रसन्न रहेंगे तो अपने लक्ष्यों की पूर्ति आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहा जा सकता है और बीमारियाँ कोसों दूर रहेंगी।
शुक्ल ने युवाओं से अपील की कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाये जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस में अपने भीतर की ऊर्जा का सदुपयोग समाज एवं देश के हित में करें और देश को विश्व गुरू बनाने में योगदान दें। उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी के कदम यदि नशे की राह की ओर बढ़ गए तो हर तरह का विकास निरर्थक हो जाएगा।
कार्यक्रम में प्रभारी आईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, संयुक्त संचालक केपी तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता, समाजसेवी अतुल जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पॉलीटेक्निक कॉलेज में युवा दिवस पर खगोल शास्त्र एवं वैदिक गणित विषय पर हुआ मंथन
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रीवा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सर्व प्रथम संस्था के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जिसके संयोजक डा. भावना पाण्डेय एवं श्रीमती वंदना द्विवेदी रहीं।
तदुपरांत खगोल शास्त्र एवं वैदिक गणित विषय पर परिचर्चा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जिसके संयोजक डा ह्रषीकेश त्रिपाठी एवं अशोक अवस्थी रहे। डॉ त्रिपाठी द्वारा गणित की उत्पत्ति एवं संगणना के विभिन्न पहलुओं प्रभावकारी चर्चा की गयी। शंकर दयाल शर्मा द्वारा भी वैदिक गणित के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अवस्थी द्वारा खगोल शास्त्र पर विस्तृत एवं प्रभावी जानकारी प्रस्तुत की गई।
डॉ भावना पाण्डेय द्वारा अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा गया कि छात्र - छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं , उन्हें कठिन परिश्रम से अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण करना चाहिए। प्राचार्य श्रीमती निशा पाण्डेय द्वारा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्र -छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।
सिंधु सभा ने सांई मंदिर में वितरित किए फल
स्वामी विवेकानंद जयंती (युवा दिवस) के शुभ अवसर पर भारतीय सिंधु सभा युवा शाखा रीवा द्वारा स्थानीय साईं मंदिर में फल वितरण कर स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई सर्वप्रथम स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष प्रहलाद सिंह, कोक्षाध्यक्ष चंदीराम केसवानी, भारतीय सिंधु सभा के प्रदेश महामंत्री महेश ठारवानी, युवा शाखा के प्रदेश मंत्री नरेश काली मुख्य शाखा के अध्यक्ष खेमचंद लालवानी महासचिव विनोद पुरुस्वानी, कमलेश सचदेव, युवा शाखा के अध्यक्ष शेखर सचदेव, महासचिव श्याम वाधवानी, कोषाध्यक्ष मनोहर कटारिया, राजकुमार टिलवानी,पप्पू मंजानी, श्रीचंद कोटवानी मदन चुंगवानी हासानंद हिरानी मुकेश हिरवानी, लक्ष्मण शिवनानी, मुकेश हिरवानी दक्ष चुँगवानी, सहित बड़ी संख्या में भारतीय सिंधु सभा युवा शाखा के युवा साथी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।