Rewa News: रीवा में उप मुख्यमंत्री ने मॉडल स्कूल के नवनिर्मित ऑडिटोरियम का किया लोकार्पण
शिक्षित एवं संस्कारवान बनकर भारत को विश्वगुरु बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं: राजेन्द्र शुक्ल

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शिक्षित एवं संस्कारवान बनकर भारत को विश्वगुरु बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। हम विश्व को परिवार मानते हैं और हम में विश्वगुरु बनने की सामर्थ है अतरू सभी के समन्वित प्रयास से ही भारत विश्वगुरू का स्थान प्राप्त करेगा। शुक्ल ने माडल स्कूल रीवा में 709 लाख रूपए से निर्मित आडिटोरियम एवं परिसर के अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित माडल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आडिटोरियम विद्यालय के लिए सौगात है। इस विद्यालय की प्रतिष्ठा पहले से ही रही है। यहां प्रवेश पाने वाले छात्र सौभाग्यशाली हैं। शिक्षकों के समर्पण एवं निष्ठा से यहां के छात्र संस्कारित हैं। उन्होंने शिक्षकों का आहवान किया कि विद्यार्थियों में मानवीय गुण विकसित करें। क्योंकि बिना संवेदनशीलता व मानवीय गुणों एवं संस्कारों के जीवन अधूरा है।
उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने संस्कार व संस्कृति को न भूलें तथा नशे की प्रवृत्ति से दूर रहें एवं नशा छोड़ने के लिए लोगों को जागरूक करें। उप मुख्यमंत्री ने आडिटोरियम में साउंड सिस्टम की स्थापना तथा कुर्सी लगाए जाने हेतु इस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने माडल स्कूल ग्राउंड में मिनी स्टेडियम निर्माण का भी इस्टीमेट बनाने की बात कही।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अर्चना पाण्डेय ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी के संघर्ष व कर्तव्य निष्ठा का विद्यार्थी अनुसरण करें। शुक्ल इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। विद्यालय मंदिर की तरह पूज्य होता है। विद्यार्थियों का मनोविज्ञान, व्यक्तित्व, गुण एवं जीवन विकास विद्यालय में ही आकार लेता है।
तकनीकी प्रतिवेदन कार्यपालन यंत्री पीआईयू केके तिवारी के प्रस्तुत करते हुए जानकारी दी कि आडिटोरियम सहित प्राचार्य कक्ष, स्टाफ कक्ष, लायब्रोरी, सहित ई एवं एफ टाइप क्वार्टस, प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण कराया गया है। आडिटोरियम की बैठक क्षमता 500 की है। कार्यक्रम में अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, प्राचार्य महेश तिवारी, पूर्व प्राचार्य पंकज शर्मा, डॉ. अनिल श्रीवास्तव, प्रदीप गौतम सुमन सहित पार्षदगण, शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।