Rewa News: रीवा में काम का झांसा देकर महिला श्रमिक को ले गये आरोपी, खंडहर मकान में किया गैंगरेप​​​​​​​

सिटी कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया आपराधिक प्रकरण, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
Rewa

रीवा। काम का झांसा देकर महिला श्रमिक को आरोपी अपने साथ ले गये और  उसके साथ सामूहिक बलात्कार की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना की सूचना पर आनन-फानन में पुलिस हरकत में आ गई। आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाकर उनको सलाखों के पीछे डाल दिया। आरोपियों से घटना के बारे में पुलिस सुरागरशी का प्रयास कर रही है। 


बताया गया है कि एक महिला के साथ आरोपियों ने गैंगरेप की घटनाकारित की है। छोटी दरगाह में प्रतिदिन की तरह महिला काम की तलाश में आई हुई थी। महिला सुबह दरगाह में खड़ी थी। उसके पास दो युवक आये और बोले कि दस दिन का काम है जिस पर महिला काम करने को राजी हो गई।


 महिला दोनों आरोपियों के साथ काम के लिए चली गई। आरोपी महिला को गलियों में घुमाते हुए पाण्डेन टोला के एक खंडहर मकान में लेकर गये जहां पर उसको बंधक बना लिया। महिला को जब उनके इरादों के बारे में पता चला तो उसने भागने का प्रयास किया। 


बताया गया है कि आरोपियों ने महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की। विरोध करने पर उसको जान से मारने की धमकी दी। महिला पर काबू पाकर आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। घटनाकारित करने के उपरांत आरोपी भागने में कामयाब हो गये। महिला ने घर पहुंचकर पति को आपबीती बताई। पति के साथ थाने आई महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई जिस पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।


दो आरोपियों को दबोचा, चल रही पूछतांछ
जिन आरोपियों ने महिला के साथ बलात्कार किया था उनकी कोई पहचान पुलिस के पास नहीं थी लेकिन पुलिस ने अपनी सुझबूझ से सीसीटीवी कैमरों को चेक किया और आरोपियों की जल्द पहचान कर ली। पुलिस ने दो आरोपी धर्मू बसंल साकिन नया तालाब व अभिषेक हरिजन निवासी पाण्डेन टोला को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया। दोनों आरोपियों ने महिला से गैंगरेप की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों आरोपियों से घटना के बारे में विस्तृत पूछताछ चल रही है।


मजदूरी की तलाश में आई थी महिला, मिली खौफनाक घटना
यह महिला हर दिन काम की तलाश में छोटी दरगाह आती थी जहां पर मजदूरों की मंडी लगती है। आसपास के गांवों से मजदूर यहां आते है और जिन लोगो को आवश्यकता होती है वे काम के लिए मजदूरों को लेकर जाते है। यह महिला भी काम की तलाश में आई थी लेकिन यहां वह काम के बहाने दरिंदगी का शिकार हो गई।


इनका कहना है-
महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की शिकायत थाने में हुई थी। मजदूर मंडी से महिला को आरोपी काम कराने के लिए ले गये थे और उसके साथ बलात्कार किया। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लग गई। दो आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया गया। पूरे प्रकरण को विवेचना में लिया गया है।
- विवेक लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक