Mauganj News: मऊगंज कलेक्टर ने शासकीय विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों की नई दरें की घोषित

30 सितम्बर 2025 तक के लिए निर्धारित की गई दरें 

 | 
Rewa

मऊगंज। कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने शासकीय विभागों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए एक अप्रैल 2025 से 30 सितम्बर 2025 तक की अवधि के लिए दैनिक वेतन की नई दरें निर्धारित की गई हैं। इन दरों में परिवर्तनशील मंहगाई भत्ता भी सम्मिलित है। यह दरें मासिक, दैनिक तथा अंशकालिक एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और श्रमिकों पर लागू होंगी।


ये हैं निर्धारित नई वेतन दरें
अकुशल कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मूल वेतन 9575 रुपए तथा परिवर्तनशील मंहगाई भत्ता 2550 रुपए के साथ प्रतिमाह कुल 12125 रुपए निर्धारित किया गया है। अर्द्धकुशल के लिए न्यूनतम मूल वेतन प्रतिमाह 10557 रुपए तथा परिवर्तनशील मंहगाई भत्ता 2550 रुपए के साथ कुल वेतन 13121 रुपए निर्धारित किया गया है। 


इसी प्रकार कुशल के लिए न्यूनतम मूल वेतन 12294 रुपए तथा परिवर्तनशील मंहगाई भत्ता 2550 रुपए के साथ प्रतिमाह कुल 14844 रुपए वेतन देय होगा। उच्च कुशल के लिए प्रतिमाह 13919 रुपए न्यूनतम मूल वेतन तथा 2550 रुपए परिवर्तनशील मंहगाई भत्ता सहित कुल 16469 रुपए कुल वेतन देय होगा।


मजदूरी निर्धारण में पैसे तथा रुपए के गुणांकों को राउंड अप करके ही दैनिक एवं मासिक मजदूरी निर्धारित की जाएगी। कृषि नियोजन के लिए अकुशल मजदूर की मजदूरी 7660 रुपए तथा 2268 रुपए मंहगाई भत्ते के साथ कुल 9928 रुपए प्रतिमाह निर्धारित की गई है। इसकी दैनिक मजदूरी मूल वेतन 255.33 रुपए तथा मंहगाई भत्ता 75.60 रुपए सहित 331 रुपए प्रतिदिन देय होगी। महिला एवं पुरुषों के लिए वेतन की दरें समान रहेंगी।