Mauganj News: मऊगंज में गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर अजय श्रीवास्तव करेंगे ध्वजारोहण

समारोह में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों - कर्मचारियों को किया जाएगा सम्मानित

 | 
Mauganj

रीवा। मऊगंज जिले में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह परेड ग्राउण्ड कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया जा रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर अजय श्रीवास्तव प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण करके परेड की सलामी लेंगे। समारोह में जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी तथा अन्य दलों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की जाएगी। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 


समारोह में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। जिले के सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा सभी शिक्षण संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस में प्रात: सभी शासकीय और अशासकीय कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण किया जाएगा।


 गणतंत्र दिवस की संध्या पर भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 7 बजे से आयोजित होंगे। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा विकास कार्यों के संबंध में प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।


भारत पर्व का होगा आयोजन
गणतंत्र दिवस की संध्या में मऊगंज जिला मुख्यालय में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 26 जनवरी की शाम 7 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम के तहत भारत के संविधान तथा हमारे संविधान निर्माताओं के विषय में जानकारी देने के लिए जनसम्पर्क विभाग द्वारा चित्र प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।


 संस्कृति विभाग द्वारा कलाकारों के दो दलों को अधिकृत किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि भारत पर्व में सिंगरौली के कलाकार  आशोक पाण्डेय एवं उनके दल द्वारा बिरहा लोक गीत तथा महेन्द्र कुमार एवं उनके दल द्वारा गुदुमबाजा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। कलेक्टर ने आमजनता से भारत पर्व कार्यक्रम में सहभागिता निभाने का अनुरोध किया है।