Simhastha 2028: सिंहस्थ के सभी बड़े कामों को पूरा करने के लिए जून-2027 की डेडलाइन तय
एसीएस मंडलोई बोले-डिजाइन में गड़बड़ हुई तो डीपीआर बनाने वाले अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी, उज्जैन में खुलेगा पीडल्यूडी का डिवीजन

भोपाल। सिंहस्थ के सभी बड़े कार्य जून, 2027 तक पूरा करना होंगे। इसमें मुख्य तौर से ब्रिज और सड़कों के काम शामिल हैं। पीडब्ल्यूडी के अपर मुख्य सचिव नीरज कुमार मंडलोई ने उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के प्रचलित और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। यह भी स्पष्ट किया कि सभी विभाग के अधिकारी समन्वय करें। किसी प्रकार का कोई गतिरोध ना हो।
एसीएस ने पीडब्ल्यूडी, मप्र सड़क विकास निगम और ब्रिज कॉर्पोरेशन व विद्युत विभाग के अफसरों के साथ बैठक में कहा कि सभी दो साल की समय-सीमा वाले कार्य जून-2027 तक आवश्यक रूप से पूर्ण किये जाएं। इसके लिए कार्य योजना बना कर काम करें। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
डीपीआर बनाने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के निर्माण कार्यों को देखते हुए पीडब्ल्यूडी का एक डिवीजन और ब्रिज कॉर्पोशन का एक सब डिवीजन उज्जैन में स्थापित होगा। एसीएस ने रेलवे ओवर ब्रिज की समीक्षा करते हुए कहा कि ब्रिज कॉर्पोरेशन के चीफइंजीनियर सीधे रेलवे के आला अधिकारियों से चर्चा करेंगे। रोजाना कार्य की मॉनीटरिंग कर रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिन में उन्हें देंगे।
भू-अर्जन के लिए बनाएंगे 100 करोड़ का फंड
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के कामों के लिए भू-अर्जन करने अलग से व्यवस्था बनाएं ताकि किसी भी निर्माण एजेंसी को समस्या न हो और निर्माण की गति प्रभावित न हो। संभाग आयुक्त ने बताया कि इसके लिए 100 करोड़ रुपए का अतिरिक्त फंड बनाने का प्रस्ताव दिया है।
प्रेजेंटेशन में बताया गया कि आगर मालवा जिले में आमला से नलखेड़ा तक 13 किलोमीटर का फोर लेन बायपास निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे बगलामुखी माता मंदिर के लिए जाने की सुविधा प्राप्त होगी। मंदसौर में पशुपतिनाथ से नालछा माता मंदिर तक फोरलेन बायपास भी प्रस्तावित किया गया है।
एसीएस ने मेडिसिटी का प्रेजेंटेशन देखा एसीएस मंडलोई ने विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। मेडिसिटी का प्रेजेंटेशन देखा। उन्होंने सभी कार्य योजना पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि यह बेहतर हैं। इन योजनाओं को समय पर पूरा करने पर सिंहस्थ-2028 में बेहतर कनेक्टिविटी बना पाएंगे। सभी अधिकारियों को उन्होंने समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश भी दिए हैं।
उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन का काम शुरू
बैठक में बताया गया कि उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन मार्ग का निर्माण शुरू हो चुका है। इस पर एसीएस ने रोड सेफ्टी के साथ आसपास की गाड़ियां सीधे रोड पर न आएं, इसकी व्यवस्था करने के लिए कहा। बैठक में 98 किमी लंबे उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड रोड के लिए भी प्रेजेंटेशन दिया गया। इसकी लागत 5000 करोड़ रुपए है। इसमें सिविल वर्क 2029 करोड़ रुपए का है।
उज्जैन-मसी फोर लेन, इंगोरिया-उन्हेल रोड, इंगोरिया- देपालपुर मार्ग के प्रस्तावों की जानकारी भी दी गई। सिंहस्थ बायपास के बारे में बताया गया कि यह 701 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। इस 19.82 किमी लंबे मार्ग को 17 मीटर चौड़ा किया जाएगा।