Rewa: लेफ्टिनेंट बनी शहीद दीपक सिंह की पत्नी, ससुर, जेठ व माता पिता ने कंधे में लगाया स्टार
चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में पूरा किया लेफ्टिनेंट प्री कमीशन का प्रशिक्षण

रीवा के लाल शहीद लांस नायक दीपक सिंह की पत्नी अब देश सेवा करेंगी। जिसके लिए रेखा सिंह ने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में लेफ्टिनेंट प्री कमीशन ट्रेनिंग पूरी कर ली है। प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात आधिकारिक रूप से वह लेफ्टिनेंट बन चुकी हैं। इस बेहद खास मौके पर रेखा सिंह के ससुराल व मायके पक्ष के लोगों ने मिलकर उनके कंधे में स्टार लगाते हुए उनके जज्बे को सलाम किया। इस दौरान उनके ससुर और जेठ प्रकाश सिंह सहित माता व पिता मौजूद रहे। यह दृश्य देख हर कोई भावुक हो उठा।
शहीद दीपक सिंह सिंह को मरणोपरांत मिला वीर चक्र
बता दें कि लांस नायक दीपक सिंह 15 जून 2020 को गलवान घाटी में शहीद हुए थे। जिसके बाद सरकार ने उनके शहादत को सलाम करते हुए शहीद दीपक सिंह को मरणोपरांत वीर चक्र से नवाजा गया। 24 नवंबर 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शहीद पत्नी रेखा सिंह को वीर चक्र दिया था।
इसके साथ सेना में ही सेवाएं दे चुके शहीद के पिता गजराज सिंह और उनके सैनिक भाई प्रकाश सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इनका सम्मान भी राष्ट्रपति की ओर से किया गया था। बताया जाता है कि उस दिन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद के परिजन के साथ डिनर किया था। साथ ही तत्कालीन सीडीएस स्वर्गीय विपिन रावत भी शहीदों की याद में टी-पार्टी में सभी से मिले थे।
शहीद पति का सपना किया पूरा
लेफ्टिनेंट रेखा सिंह पति के नक्शे कदम में चलते हुए देश के लिए कुछ कर गुजरने की ठानी, कहा जाता है शहीद दीपक सिंह की इच्छा थी कि उनकी धर्मपत्नी भी देश की सेवा करें। उनकी शहादत के बाद रेखा सिंह ने उनका सपना पूरा करने का प्रण लिया और शिक्षक पद की नौकर छोड़कर भारतीय सेना का हिस्सा बन गईं। आज पूरा जिले के लिए रेखा सिंह एक मिसाल बन चुकी हैं। और हर कोई उनके प्रण की सराहना कर रहा है।