Ram navmi 2023: भए प्रकट कृपाला....श्रीराम का जन्मोत्सव मनाने विंध्य में उमड़ा जनसैलाब

राम भक्ति में सराबोर दिखे भक्त, सुरक्षा के साथ सेवा भी सिंगरौली पुलिस का दिखा जज्बा
 | 
morba

प्रदेश के अन्य हिस्सों की भांति रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल सहित  समूचे विंध्य में गुरुवार को चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मोरवा में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूरा शहर भगवा रंग से रंगा दिखा। हर घर भगवा छाएगा राम राज्य तब आएगा, एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम जैसे नारों के उद्घोष के साथ राम भक्तों ने मोरवा शहर में महावीर ध्वज लेकर भव्य शोभा यात्रा निकाली। इस अवसर पर युवाओं समेत बच्चों और महिलाओं में भी गजब का जोश दिखा चिलचिलाती धूप में भी सभी प्रभु श्री राम के नारे लगाते बैंड बाजे की धुन पर घंटों नाचते गाते रहे। इस यात्रा के दौरान पुरुषों ने जहां विशेष परिधान भगवा साफा, भगवा या सफेद कुर्ता-पजामा एवं महिलाओं ने साड़ी में सम्मिलित होकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के उद्घोष में लगे रहे।

 

रामनवमी शोभा यात्रा समिति मोरवा द्वारा दोपहर 3 बजे से श्री रामजानकी मंदिर वार्ड क्रमांक 4 अंबेडकर नगर से विधि विधान से पूजा अर्चना कर बैंड बाजे व विभिन्न झांकियों के साथ शोभा यात्रा की शुरुआत की गई। इस शोभायात्रा में घोड़ों पर बैठे लोग सभी का मन मोह रहे थे। यात्रा शुरु होकर कन्या विद्यालय रोड से होते हुए मोरवा थाने के समीप पहुंची। इस बीच क्षेत्र के अन्य मंदिरों से लाए गए ध्वजों को यात्रा में सम्मिलित किये जाते रहे। मोरवा थाने के समीप पहुंचकर केंद्रीय रूप से हज़ारों कार्यकर्ता श्री राम की जय घोष करते हुए नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा एनसीएल अस्पताल तिराहा, मेन रोड सिंगरौली फिर सर्किट हाउस रोड, गायत्री मंदिर रोड, विधायक निवास, एलआईजी चौक, पुरानी बाजार, हनुमान मंदिर घूमते हुए बस स्टैंड पहुंची। रामनवमी की शोभायात्रा के लिए राम भक्तों ने पूरे शहर को भगवा रंग के पताको एवं ध्वजों से पाट दिया था। 


आकर्षण का केन्द्र रहे विभिन्न मंदिरों से लाए गए ध्वज व झांकियां 
शोभायात्रा में विभिन्न मंदिरों के गगन चुम्बी ध्वज आकर्षण का केन्द्र थे। इस पूरे रैली में करीब 8 मंदिरों से लाए गए ध्वज सम्मिलित किये गए। इसके साथ यात्रा में शामिल भगवान राम जानकी, राम दरबार, शिव पार्वती, बजरंगबली, राधा कृष्ण, महावीर हनुमान आदि की झांकियां भी लोगों का मन मोह रही थी। मोरवा समेत अन्य जगहों से आए हजारों की संख्या में श्रद्धालु महावीरी ध्वज के साथ शोभायात्रा में शामिल थे। 

 


मोरवा में दिखी गंगा जमुना तहजीब
रमजान के पाक महीने में खुद भूखे प्यासे रहकर दूसरों को जलपान कराने में मुस्लिम समुदाय के लोगों का सराहनीय योगदान रहा। मोरवा शहर की यह खूबसूरती है कि सभी धर्मों के लोग आपसी सद्भाव में लीन होकर किसी भी त्योहार को मनाते हैं। लोगों का ऐसा परस्पर प्रेम कम ही देखने को मिलता है। आपसी सद्भाव का यह नजारा राम नवमी के अवसर पर देखने को मिला। जैसे ही राम भक्तों का काफिला मस्जिद के करीब पहुंचा वहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जोर शोर से उनका स्वागत कर उन्हें जलपान कराया। इस दौरान सभी आपस में गले मिलते रहे, जिसके बाद यह काफिला आगे बढ़ा।


पुलिस अधीक्षक ने लिया यात्रा का जायजा
किसी भी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण सफल बनाने के लिए पुलिस लगातार अपनी भूमिका निभाते आई है। रामनवमी पर ऊर्जा अंचल क्षेत्र में हो रहे सबसे बड़े आयोजन को देखते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक यूसुफ कुरैशी ने सुबह मोरवा पहुंचकर पूरे यात्रा के रूट का जायजा लिया एवं कार्यक्रम को हर तरह से संभव बनाने के लिए दिशा निर्देश दिए। 

 

सुरक्षा के साथ सेवा भी सिंगरौली पुलिस का दिखा जज्बा
लोगों को सुरक्षा का वातावरण देने के साथ हर तरह से उनकी सेवा में तल्लीन दिखे पुलिसकर्मी। जैसे ही राम भक्तों का काफिला थाना परिसर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने उनका स्वागत कर उन्हें विधिवत जलपान कराया। मोरवा पुलिस के इस व्यवहार से राम भक्त भाव विभोर दिखे। शोभा यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने अपने स्तर पर व्यापक इंतजाम किए हुए थे। खुद एसडीओपी राजीव पाठक, निरीक्षक यू पी सिंह, गोरबी चौकी प्रभारी शीतला यादव समेत नवानगर थाना प्रभारी रावेंद्र दिवेदी अपने अपने थाने के बल व एस एफ और लाइन के बल  लेकर लगातार यात्रा के मार्ग को खाली करवाने में लगे रहे। उनके द्वारा यात्रा के दौरान मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी।