Janseva Abhiyan 2.0: ध्यान दीजिए! सरकारी कामों के लिए परेशान हैं तो कल से अधिकारी-कर्मचारी सुनेंगे आपकी परेशानी, सीएम ने दिए निर्देश

जन सेवा अभियान 2 में आमजन से जुड़ी 67 प्रमुख सेवाओं और लंबित शिकायतों का निकाला जाएगा हल, मुख्यमंत्री  ने VC से की अभियान तैयारियों की समीक्षा

 | 
shivrj

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 मई को अलीराजपुर से मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 10 से 25 मई तक मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलों में इस संबंध में आवश्यक तैयारियाँ कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान संबंधी तैयारियों की चर्चा की। 

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूर्व में संचालित अभियान सफल रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण, विकास यात्राएँ और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए किए गए पंजीयन का अभियान लोकप्रिय और सार्थक रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य यही है कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिले। उन्हें बिना लिए-दिए, समय पर बिना परेशानी के सेवा प्राप्त हो। जनता से जुड़े कार्यों में गड़बड़ करने वालों को दंडित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे स्वयं ग्राम और शहरों में जाकर अभियान का जायजा लेंगे। 

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिलों के प्रभारी मंत्री भी जन सेवा अभियान में भागीदारी करेंगे। लंबित आवेदनों पर विभागों द्वारा समयबद्ध कार्यवाही होना चाहिए। नई प्राप्त शिकायतों को भी हल किया जाएगा। आम जनता को भटके बिना उनके द्वार पर सेवा देने के लिए कलेक्टर्स जिला स्तर पर आवश्यक रूपरेखा बना लें। जिलेवार स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप विश्लेषण भी किया जाए।

आम जनता से जुड़ी 67 प्रमुख सेवाओं में प्रमुख रूप से जन्म मृत्यु प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, बँटवारा,  अविवादित नामांत्रण, भवन अनुज्ञा, वाहनों का पंजीयन शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनता की समस्या का असल निराकरण होना चाहिए। यह कार्य सिर्फ कर्मकाण्ड नहीं होना चाहिए। यह कलेक्टर्स की कर्मठता की परीक्षा भी है। अपने जिलों को समस्या विहीन बनाने का कार्य करें। वार्ड के स्तर पर और ग्राम पंचायतों के स्तर पर शिविर लगाने की रूपरेखा निर्धारित कर ली जाए। नए आवेदन पत्रों पर भी कार्यवाही की जाए। इन प्रयासों से यह अभियान सार्थक होगा।