MP News: भोपाल के स्पा मामले में दोहरी मार से घिरी पुलिस, महिला समेत तीन कॉन्स्टेबल सस्पेंड

पांच दिन बाद भी आधिकारिक बयान देने से बच रहे राजधानी के अफसर

 | 
MP

चार निरीक्षकों से कर्मचारियों पर नियंत्रण नहीं रखे जाने को लेकर मांगी गई सफाई

भोपाल। राजधानी में सैंकड़ों की संख्या में चल रहे स्पा और मसाज सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा है, जिसमें शनिवार को लगभग 15 चिन्हित किए गए स्पा सेंटर में छापा मारा गया था। इस कार्रवाई के बाद भोपाल पुलिस दो तरह के विवादों में घिर गई है। पहला विवाद थाने से छापे के पूर्व मुखबिरी करने का है।


जबकि दूसरा विवाद हिरासत में लेने के बाद पैसा लेने से जुड़ा है। इन दोनों विवादों के चलते छापा मारने के पांच दिन बाद भी आधिकारिक बयान भोपाल पुलिस की तरफ से जारी नहीं किया गया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद महिला समेत तीन पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।


सूत्रों के अनुसार एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित मानसरोवर कॉम्प्लेक्स में संचालित मिकाशो फैमिली स्पा सेंटर व पंचकर्म से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें शाहजहांनाबाद निवासी अदुल आदिल, विदिशा निवासी हरिओम राजपूत और जहांगीराबाद निवासी आसिफ खान को गिरतार किया था। इनके अलावा पांच लड़कियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक युगांडा की लड़की थी जो डेढ़ साल से कोलार रोड इलाके में रह रही थी। वह पढ़ाई के लिए भोपाल आई थी।


 गिरफ्तार पांच लड़कियों में से एक आरोपी को रिहा करने के बदले में एक लाख रुपए की डील हुई थी। यह डील क्राइम ब्रांच के हवलदार सुनील चंदेल ने की थी। डील के तहत महिला थाने में तैनात कॉन्स्टेबल खुशबू चंदेल के खाते में रकम डाली गई थी। पुलिस ने देह व्यापार अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया था। जिसमें आरोपियों को थाने से ही जमानत दी जानी थी। इसके बावजूद काफी देर तक नहीं छोड़ा गया तो एक लड़की ने विरोध किया। उसने महिला थाने में ही शोर मचाना शुरु कर दिया। 


देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार युवती ने कहा कि उसने एक लाख रुपए भेज दिए हैं तो फिर क्यों रोका जा रहा है। यह पता चलने के बाद खुशबू चंदेल ने ऑनलाइन जिस खाते से रकम आई थी वह वापस लौटा दी थी। इन आरोपों की जांच के बाद तस्दीक की गई और खुशबू चंदेल और सुनील चंदेल को सस्पेंड कर दिया गया।


बागसेवनिया थाना पुलिस में भी चल रही है जांच
इधर, पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल नरेंद्र गुर्जर को भी निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, उसके एक मुस्लिम युवती से संपर्क हैं। वह शादीशुदा होने के बावजूद पहली पत्नी को छोड़कर मुस्लिम गर्लफ्रेंड के साथ रहता था। कांस्टेबल की गर्लफ्रेंड बागसेवनिया में स्थित ग्रीन वैली नाम से स्पा सेंटर चलाती है। यहां भी शनिवार को दबिश दी गई थी। जिसमें मुखबिरी करने की बात सामने आई थी। 


यहां संदेहियों कांस्टेबल के मोबाइल कॉल डिटेल निकाले गए हैं। जिसमें छापे से पंद्रह मिनट पूर्व बातचीत होने की बात सामने आई है। नरेंद्र गूर्जर पहले बागसेवनिया थाने में रह चुका है। उसके साथ में काम करने वाले कई पुराने थाने के अंगद से उसकी गहरी दोस्ती थी। 


ग्रीन वैली स्पॉ पर छापे के दौरान 22 युवतियां और 18 युवक पकड़े गए थे। यहां सर्वाधिक संख्या में गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस की टीम ने एमपी नगर के अलावा, कमला नगर और बागसेवनिया इलाके के चार स्पा सेंटर पर दबिश दी थी। इस दौरान भारी खामियां पुलिस को मिली थी।


सभी थानों ने छेड़ दिया है अभियान
इधर, पुलिस मुख्यालय के आदेश पर राजधानी में संचालित सभी स्पा सेंटर, मसाज पार्लर के खिलाफ अभियान शुरु कर दिया गया है। जिसमें दो दिन पूर्व मिसरोद थाना पुलिस ने आशिमा मॉल में संचालित तीन स्पा सेंटर पर एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद अब एमपी नगर पुलिस ने बुधवार को चार प्रकरण दर्ज किए हैं। इसमें मसाज पार्लर और स्पा सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी नहीं देने पर प्रकरण दर्ज किया गया। यह सभी शिवाजी नगर और जोन—1 और जोन—2 में संचालित थे। 


पुलिस ने आलोक दुबे, संतोष कुमार, मयंक वर्मा, किरण सिंह और मोहमद अतर को आरोपी बनाया है। गोविंदपुरा थाना पुलिस ने भी दो कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। यहां पंचवटी मार्केट में चलने वाले स्पा सेंटर संचालक गजेंद्र और चेतक ब्रिज में स्पा सेंटर चला रहे अशोक कुमार को आरोपी बनाया है।


अयोध्या नगर पुलिस ने भी सागर हाईट्स में चल रहे स्पा सेंटर संचालक गोविंद श्रीवास के खिलाफ कर्मचारियों की जानकारी नहीं देने पर प्रकरण दर्ज किया गया है। मिसरोद थाना पुलिस ने दो अन्य स्पा सेंटर के संचालकों दुष्यंत तोमर और ललित कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।