MP News: एमपी में अब घर बैठे हो सकेंगे 24 काम, आठ निकायों में हो गई शुरुआत
ई-नगरपालिका 2.0: सीएम के हाथों शुरुआत कराने की तैयारी

भोपाल। राज्य के नगरीय निकायों से जुड़ी सुविधाएं व सेवाएं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए और बेहतर तरीके से मिल सकेंगी। पहले के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित भी रहेंगी। ऐसी 24 सेवाएं व सुविधाएं घर बैठे देने के लिए ई-नगरपालिका पोर्टल का नया वर्जन आठ निकायों में शुरू किया जा चुका है। बाकी में जल्द लागू करने का टारगेट है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के हाथों से इसकी शुरुआत कराने की तैयारी है। पहले चरण में छोटे नगर निगम और नगर पालिकाओं को लिया गया है। ऐसे आठ नगरों, शहरों में ई-नगरपालिका 2.0 के जरिए सुविधा देकर इसकी एक तरह से टेस्टिंग भी की जा चुकी है। इस दौरान जो भी दिक्कत आई, उसे दूर किया गया। नगरीय प्रशासन संचालनालय के अधिकारियों के मुताबिक ई-नगरपालिका 2.0 को सभी निकायों में जल्द शुरू करने की तैयारी है। बताया जा रहा है इस पर करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किया गया है।
पहली बार 225 करोड़ में बना, 22 सुविधाएं ऑनलाइन
निकायों की सेवाओं और सुविधाओं को ऑनलाइन देने के लिए जनवरी, 2017 में ई-नगरपालिका पोर्टल लॉन्च किया गया था। तब लगभग 225 करोड़ रुपए खर्च से बनाए गए इस पोर्टल के जरिए 22 सेवाएं ऑनलाइन देना शुरू किया गया। शुरुआत नगर निगमों से की गई। फिर धीरे-धीरे अन्य नगरीय निकायों को जोड़ा गया।
भोपाल इस सिस्टम से बाहर
भोपाल नगर निगम कुछ साल पहले ई-नगर पालिका पोर्टल से बाहर हो चुका है। निगम ने खुद का सॉफ्टवेयर तैयार कराया है। इसके लिए तर्क दिया गया कि ई नगर पालिका में तकनीकी व अन्य तरह की दिक्कतें होती हैं। सर्वर अटक जाता है। ऐसे में अब राजधानी में नए सिस्टम हाना के जरिए ही नागरिकों को सुविधाएं व सेवाएं मुहैया कराई जा रही है।