MP News: एमपी सीएम डॉ. मोहन यादव का ऐलान- विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि और स्कूटी देंगे

जापान से लौटने के बाद मुख्यमंत्री का स्टेट हैंगर पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

 | 
MP

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया है कि प्रदेश सरकार द्वारा विशेष रूप से विद्यार्थियों को राज्य सरकार द्वारा जल्द ही लैपटॉप की राशि देने का कार्य किया जाएगा। साथ ही उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से स्कूल स्तर पर जो विद्यार्थी प्रावीण्य सूची में सूची में शामिल हुए हैं उनको स्कूटी भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो हमारी मूल योजना है उसके अनुसार हम अपने बच्चों को यह सौगात देंगे। जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वरूप में किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया गया है।

 


 उल्लेखनीय है कि अभी तक प्रदेश के टॉपर विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी नहीं मिल पाई है। इसके बाद सरकार ने संज्ञान लिया और मुख्यमंत्री ने जापान दौरे से लौटते ही लैपटॉप के लिए राशि और स्कूटी देने का ऐलान कर दिया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा था।

 


जापान की यात्रा से लौटने के बाद भोपाल में स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत करने मंत्री गौतम टेटवाल, धर्मेन्द्र लोधी, विधायक भगवानदास सबनानी, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, मेयर मालती राय पहुंचे। सीएम के साथ दिल्ली से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी भोपाल पहुंचे।


जापान हमारा बिछुड़ा हुआ भाई, अब वापस मिल रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा, जापान में मंदिरों के शहर में जब मैं दर्शन करने गया तो मैंने कहा कि जापान और हमारे बीच संबंध और दोनों की आपसी समझ इतनी गहरी है कि हमारे तिरंगे पर हमारा राष्ट्रीय चिन्ह अशोक चक्र है जबकि जापान तो अपने यहां सूर्य देवता को ही लगाए हुए हैं। सीएम ने कहा हमसे वह तीन कदम आगे हैं। उनके यहां 3.30 घंटे पहले ही सूर्य नारायण आ जाते हैं। 


अपने बीच में भगवान बुद्ध की संस्कृति, गणेश जी, सरस्वती माता 28 अलग-अलग देवी देवता हैं। बस इतना ही फर्क है कि हमारे यहां शिव शक्ति भगवान शिव में माना जाता है। वहां वे सूर्य देवता को स्त्री रूप में मानते हैं। हमने कहा, जो मानना है मान लो।

जापान तो हमारा बिछड़ा हुआ भाई है, जो हमको वापस मिल रहा है। हम जो नमस्ते करते हैं। उन्होंने बताया कि जापान के लोग तो विनम्रता के साथ इतने झुकते हैं कि दया आ जाती है। जापान में काम के प्रति कर्मठता सी होती है कि जापान की फैक्ट्री में अगर हड़ताल करना है तो हड़ताल में तालाबंदी नहीं हो सकती। मान लो जूता बनाने वाली फैक्ट्री में हड़ताल करना है तो एक पांव का जूता जरूर बनाएंगे और हड़ताल भी करेंगे, लेकिन काम बंद नहीं होगा। भले कुछ भी हो जाए। 


प्राइवेट कंपनी में रिटायरमेंट की कोई सीमा नहीं। जब तक चले तब तक आदमी काम करता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि एमपी में निवेश का अंडर करंट है। सकारात्मक माहौल अब तक रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में मिला है, जो ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में आकार लेगा। प्रदेश में 24 और 25 फरवरी को होने वाली समिट में जापान पार्टनर कंट्री है। यहां से कई उद्योग लगाने का कमिटमेंट हुआ है।