MP News: मध्यप्रदेश में केपीएस राणा बनाए जाएंगे लोक निर्माण विभाग के ईएनसी
अगले सप्ताह होंगी तीन नई नियुक्तियां, चौहान सिया तथा श्रीवास्तव सीक के अध्यक्ष होंगे

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार अगले सप्ताह तीन बड़ी नियुक्तियां करने जा रही है। इसमें दो पदों पर सेवानिवृा आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। जबकि एक पद प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग का है। प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके मेहरा आगामी 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। मेहरा के स्थान पर केपीएस राणा को लोक निर्माण विभाग का नया प्रमुख अभियंता बनाया जा रहा है। राणा वर्तमान में मुख्य अभियंता एनएच के पद पर पदस्थ हैं।
बताया जाता है कि लोकनिर्माण विभाग ने इंजीनियरों के नाम का पैनल मुख्य सचिव को भेज दिया है। मुख्यसचिव ने अपनी टीपब के साथ अधिकारियों के नाम की सूची मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दी है। वरिष्ठता के मान से केपीएस राणा दूसरे नंबर पर हैं। उनसे वरिष्ठ एसआर बघेल पहले के प्रमुख अभियंता बन चुके है।
सिया और सीक में नियुक्ति जल्द
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एसएन एस चौहान को सिया तथा राकेश श्रीवास्तव को सीक का अध्यक्ष बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनो नामों को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री की अनुमति के बाद फाइल केन्द्रीय वन व पर्यावरण मंत्रालय को भेज दी है। वन व पर्यावरण विभाग से अनुमति मिलते ही नियुक्ति का नोटीफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। दोनो पद छह माह से अधिक समय से रिक्त हैं। जिससे कई विभागों को पर्यावरण अनुमति नहीं मिल पा रही है। सबसे ज्यादा कठिनाई खनिज विभाग के प्रोजेक्ट को है।
मुख्यसचिव अनुराग जैन ने अपनी पहली बैठक में इस बात का जिक्र किया था कि पर्यावरण की अनुमति न मिलने के कारण कई प्रोजेक्ट अटके हैं। चौहान भाजपा संगठन, संघ तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करीबी अधिकारी हैं। वे उज्जैन नगर निगम कमिश्नर रह चुके हैं। जबकि राकेश श्रीवास्तव उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के करीबी अधिकारी हैं। उनके ओएसडी रह चुके हैं।