MP News: एमपी में 23 अरब रुपए से सिंहस्थ महाकुंभ के लिए बनेगा ग्रीनफील्ड रोड और बायपास
इस साल शुरू हो जाएगा काम, जल्दी जारी किए जाएंगे टेंडर; साल 2028 में आयोजित होगा सिंहस्थ

भोपाल। साल 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ के लिए 23 अरब रुपए से अधिक खर्च कर ग्रीनफील्ड रोड, बायपास और अन्य सड़क बनाई जाएगी। राज्य शासन से तीनों कार्यों के लिए प्रशासकीय मंजूरी मिल गई है। अब जल्दी टेंडर जारी होंगे। इस साल यह निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे।
यह काम मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन कराएगा। इंदौर से उज्जैन तक करीब 48 किमी लंबी रोड को ग्रीनफील्ड बनाया जाएगा। फोर लेन मय पेव्ड शोल्डर के साथ बनाई जाएगी। इसके लिए 1370.85 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। इसके साथ 19.185 किमी लंबे उज्जैन सिंहस्थ बायपास का निर्माण किया जाएगा।
इस फोर लेन सड़क पर 701.86 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। उज्जैन जिले में इंगोरिया से देपालपुर तक टू लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह करीब 32.60 किमी लंबी होगी। इस कार्य की अनुमानित लागत 239.38 करोड़ रुपए है। पीडल्यूडी से जारी आदेश में कहा गया है कि यह कार्य उपलब्ध फंड से कराए जाएं। आदेश में यह भी लिखा है कि कसी भी स्थिति में प्रावधानित राशि से अधिक खर्च नहीं किया जाए।
दो साल में देंगे 395 करोड़
इंदौर-उज्जैन रोड का प्रोजेट हाइब्रिड एन्युटी मोड पर किया जाएगा। दो साल की निर्माण अवधि में एजेंसी को 395 करोड़ रुपए रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन देगा। उसके अलावा 1012 करोड़ रुपए एन्युटी के जरिए 15 साल की अवधि में शासन देगा। भू-अर्जन व सुपरविजन के लिए 44 करोड़ और जीएसटी का 241 करोड़ भी शासन उपलब्ध कराएगा। इस तरह राज्य कुल 1297 करोड़ रुपए देगा।
भोपाल, इंदौर, उज्जैन के बीच दौड़ेंगे वाहन
भोपाल से देवास रोड को सिक्स लेन करने की योजना पर भी काम चल रहा है। यह अभी फोर लेन है और इसकी लंबाई करीब 141 किमी है। देवास से इंदौर तक का मार्ग पहले ही सिक्स लेन है। भोपाल से देवास और उज्जैन से इंदौर रोड सिक्स लेन होने पर इन तीनों शहरों के बीच वाहन बिना दिकत सरपट दौड़ सकेंगे। इससे समय के साथ ईंधन की बचत भी होगी।
उज्जैन में फ्लाय ओवर भी बनेगा
महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन में ट्रैफिक का दबाव बढ़ा है। ऐसे में इंदौर के अरबिंदो मेडिकल कॉलेज से उज्जैन के हरि फाटक चौराहा तक सिक्स लेन मार्ग का निर्माण किया जाएगा। प्रोजेक्ट में सर्विस रोड, दो बड़े पुल सहित उज्जैन में फ्लाय ओवर भी बनाया जाएगा।