MP News: कुत्ता भौंकने के विवाद में दो पक्षों ने एक दूसरे को मार-पीट कर बिछा दिया, 7 महिला सहित 8 लोग घायल

सभी घायलों का बिजुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है इलाज

 | 
news

अनूपपुर। कुत्ता भौंकने को लेकर दो पक्षों में विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। हालत यह हो गई कि मौके पर आधा दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो कर जमीन में निढाल पड़ी रहीं। किसी के सिर से खून बह रहा था तो कोई हड्डी के टूटने से कराह रहा था। आनन फानन में घायलों को गंभीर अवस्था में बिजुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इधर, सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। और मामले की जांच शुरू की। 

 

बताया जा रहा है कि बिजुरी के गलैया टोला में दो पक्षों में कुत्ते के भौेंकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। जो अस्पताल और थाने तक जा पहुंचा। जानकारी के अनुसार गलैया टोला में रहने वाले दोनों पक्षों जिसमें सत्तू बाई कोल, रनिया बाई, रानू, द्रौपदी, अर्जुन और दूसरे पक्ष से उर्मिला केवट, सुमन एवं शीतल केवट शामिल है। दोनों के बीच  14 जनवरी को कुत्ता भौंकने की वजह से विवाद हुआ था। जिसके बाद मंगलवार को एक बार फिर इसी संबंध में  दोनों में विवाद हुआ। इसमें दोनों पक्षों की महिला और पुरुषों में मारपीट हो गई। 

खूनी संघर्ष में सात महिलाओं व एक पुरूष को चोट आई है। जिनमें से रनिया बाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं रानू, द्रौपदी, सत्तू बाई कोल, अर्जुन व दूसरे पक्ष की उर्मिला केवट, सुमन एवं शीतल केवट को भी सिर व हाथ में चोट आई है।  सभी घायलों का इलाज बिजुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है, जबकि रनिया बाई को जिला अस्पताल रेफर किया है।