MP News: एमपी में ठंड के कारण इन जिलों के कलेक्टर ने बदला स्कूल संचालन का समय

अब सुबह 9 बजे से लगेंगी एक से 8वीं तक की कक्षाएं; शेष जिलों में भी जल्द होगा समय परिवर्तन 

 | 
MP

भोपाल। ठंड के मौसम को देखते हुए मध्यप्रदेश के कई जिलों के कलेक्टर ने गत शनिवार को स्कूलों के संचालन का समय बदल दिया है। याने सोमवार से इन जिलों में स्कूलों की कक्षाएं अब सुबह ९ बजे के पूर्व नहीं शुरू होंगी। जिन जिलों में अभी समय नहीं बदला गया है, ऐसा माना जा रहा है कि कुछ दिनों के भीतर उन जिलों में भी ठंड के कारण स्कूलों का समय बदल दिया जाएगा। 


एमपी के कई जिलों में ठंड के कारण स्कूलों का समय बदले जाने की प्रक्रिया जारी है। इसी सिलसिले में शहडोल कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह ने बताया कि भोपाल से मिले निर्देश के बाद शहडोल में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर को देखते हुए कक्षा एक से आठवीं तक की कक्षाओं का समय बदला गया है।

नए आदेश के तहत 2 दिसंबर से जिले में कक्षा आठवीं तक की सभी कक्षाओं का संचालन सुबह 9 बजे से किया जाएगा। इसमें जिले की सभी सरकारी, प्राइवेट, सीबीएसई स्कूलों का शामिल किया गया है। यह आदेश 31 जनवरी 2025 तक प्रभावशील रहेगा।

Shahdol
स्कूल प्रबंधन नहीं करे लापरवाही

शहडोल कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह ने जिले के सभी प्राइवेट स्कूल संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन कक्षा एक से आठवीं तक के स्कूलों के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें। जिला प्रशासन ने जो समय का निर्धारण कर दिया है। उसी के अनुरूप स्कूल का संचालन करें। आदेश नहीं मानने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


सुबह के समय तेज हो रही ठंड
जिले में इन दिनों सुबह के समय तापमान में गिरावट होती है। स्कूल खुलने का समय 8 बजे होने के कारण बच्चों को सुबह 7 बजे से घरों से निकलना पड़ता है। इस दौरान तेज शीतलहर भी चलती है। बच्चों को ठंड से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूल संचालन के समय में परिवर्तन किया है।


अनूपपुर में भी बदला स्कूलों का समय 
वहीं अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली के अनुमोदन उपरांत जिला शिक्षा अधिकारी ने तापमान में कमी एवं शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए छात्र-छात्राओं के हित में जिला अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक/माध्यमिक/सी.बी.एस.ई. विद्यालयों में कक्षा 01 से 08 तक प्रथम पाली में संचालित समस्त विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया है। उक्त विद्यालय 02 दिसम्बर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक प्रात: 9:00 बजे से संचालित होंगे।