MP News: एमपी से होकर जाएगी देश की पहली स्लीपर वंदे भारत, रेलवे की तैयारियां अंतिम चरण में

दिल्ली-मुंबई के बीच भोपाल के रास्ते दौड़ेगी देश की सबसे आधुनिक ट्रेन 

 | 
vande bharat

भोपाल। देश में जल्द ही स्लीपर कोच के साथ पहली वंदे भारत ट्रेन दिल्ली-मुंबई के बीच दौड़ सकती है। यह ट्रेन राजधानी भोपाल से होकर गुजरेगी। इस ट्रेन के चलने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बहुत फायदा मिलेगा। दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट काफी हाई डिमांड वाला है। च्यादा यात्रियों के चलते इस रूट पर ट्रेनें फुल रहती हैं, आसानी से रिजर्वेशन मिलने में भी दिक्कत होती है। ऐसे में इस रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। 


यही वजह है कि दिल्ली-मुंबई रूट पर सबसे पहले स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुछ दिनों पहले ऐलान किया था कि भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 2 महीनों के भीतर ट्रैक पर होगी। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के ट्रेनसेट का कार्य तेजी से चल रहा है और पहली ट्रेन 2 महीनों के भीतर ट्रैक पर होगी। उन्होंने बताया कि सभी तकनीकी कार्य अंतिम चरण में हैं।


16 कोच वाली होगी स्लीपर वंदे भारत
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का सफर बेहद आराम दायक होगा। इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इसमें 10 कोच थर्ड एसी, चार कोच सेकेंड एसी के होंगे, वहीं एक कोच फर्स्ट एसी का होगा। स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में दो एसएलआर कोच भी होंगे। जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन प्रथम चरण में 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। इसके बाद धीरे-धीरे 160-220 प्रतिघंटे की स्पीड से चलने लगेगी 


बता दें कि वंदे भारत ट्रेन देश की सबसे आधुनिक, हाई स्पीड व सर्वसुविधा युक्त ट्रेन मानी जाती है। फिलहाल यह ट्रेन देश भर के अलग-अलग शहरों में सिंटिंग चेयर कार के रूप में चल रही है। जिसकी ऐतिहासिक सफलता को देखते हुए इस ट्रेन का स्लीपर के रूप में अपडेट किया गया है। जिसका यात्रियों को बेसब्री से इंतजार है। माना जा रहा है कि पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन दिल्ली-मुंबई के बीच भोपाल के रास्ते गुजरेगी। जिसका फायदा मप्र के यात्रियों को भी मिलने वाला है।