MP News: कलेक्टर ने इस जिले के सभी संकुल प्राचार्यों की जनवरी की सैलरी रोकी, मचा हड़कंप

लापरवाही पर हुई बड़ी कार्यवाही, डीईओ को नोटिस जारी

 | 
vandana vaidya

मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में कलेक्टर की कार्यवाही से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। दरअसल जिला कलेक्टर वंदना वैद्य ने छात्रवृत्ति स्वीकृति का कार्य पूरा नहीं होने पर ऐसा कदम उठाया कि डीईओ सहित जिले भर के संकुल प्राचार्य लपेटे में आ गए। लापरवाही का खामियाजा संकुल प्राचार्यों को भुगतना पड़ रहा है। 

जानकारी के अनुसार समेकित छात्रवृत्ति के अंतर्गत आवेदन और छात्रवृत्ति स्वीकृति का कार्य पूरा नहीं होने पर कलेक्टर वंदना वैद्य ने बड़ी कार्यवाही करते हुए जिले के सभी संकुल प्राचार्यों की जनवरी की सैलरी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। इतना ही नहीं, जिला शिक्षा अधिकारी को आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय से कारण बताओ नोटिस जारी कर एक वेतन वृद्धि को तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है।


कई बार दिए गए थे कड़े निर्देश
बताया जा रहा है कि संबंधित प्राचार्यांे को समेकित छात्रवृत्ति के अंतर्गत आवेदन तथा छात्रवृत्ति स्वीकृति के संबंध मे कई बार कड़े निर्देश दिए गए थे। लेकिन इसके बावजूद भी जिले के संकुल प्राचार्यों ने अभी तक आवेदन तथा छात्रवृत्ति स्वीकृति का कार्य पूरा नहीं किया है। जिसके बाद कलेक्टर ने सख्त कदम उठाया है। 

निराशाजनक रहे आंकड़े
जानकारी के अनुसार कलेक्टर के द्वारा की गई यह कार्यवाही का बड़ा कारण यह भी रहा कि अब तक संकुल प्राचार्यों ने शिक्षा पोर्टल पर छात्रवृत्ति स्वीकृति का कार्य केवल 47 प्रतिशत ही पूरा किया था। इसके अलावा एमपीटास पोर्टल पर छात्रवृत्ति स्वीकृति का कार्य केवल 0.05 प्रतिशत और असफल बैंक खातों का अपडेशन 54 प्रतिशत ही हो पाया है। इन आंकड़ों को देख कलेक्टर भड़क गईं। और इसका खामियाजा लापरवाह प्राचार्यों को भुगतना पड़ेगा।