MP News: चीता गामिनी ने दिया 5 शावकों को जन्म, सीएम मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

कूनो नेशनल पार्क  में 13 शावकों समेत चीतों की संख्या हुई 26 

 | 
kuno

कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी सामने आई। जिसके बाद से बधाइयों का तांता लगा हुआ है दरअसल श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता गामिनी ने 5 शावकों को जन्म दिया है। इन शावकों के जन्म के बाद कूनो में चीतों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अब कूनो में 13 शावकों समेत चीतों की संख्या 26 हो गई है।

इस खबर की जानकारी केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स में दी। उन्होंने इसके लिए वन विभाग के कर्मचारियों के साथ कूनो राष्ट्रीय उद्यान के कर्मचारियों को भी बधाई दी। इसके साथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी बधाई संदेश जारी किया है। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में शुरू किया गया चीता प्रोजेक्ट निरंतर सफलता प्राप्त कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कूनो में मादा चीता गामिनी ने 5 नन्हें शावकों को जन्म दिया है, इसके साथ ही प्रदेश में चीतों की संख्या अब 26 हो गई है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि देश के हृदय प्रदेश, मध्यप्रदेश में चीतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों एवं कूनो राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।

बता दें कि कूनो नेशनल पार्क उस समय देश में चर्चा का विषय बना जब पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन १७ सितंबर को साल २०२२ में नीमीबिया से लाए ८ चीतों को नेशनल पार्क में छोड़ा था। हालांकि उसके बाद कई चीतों की मौत के खबर ने भी कूनो को सुर्खियों में ला दिया था।