MP News: सीएम की पत्नी पर कमेंट करने वाले आईएएस अधिकारी लोकेश जांगिड़ को बड़ी जिम्मेदारी

 2014 बैच के अधिकारी को डॉ. मोहन सरकार ने बनाया श्योपुर कलेक्टर 

 | 
lokesh

भोपाल। पिछले 8 सालों में सबसे अधिक तबादले का दंश झेल चुके भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के अधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ को लंबे समय के बाद जिले की जिम्मेदारी मिली है। डॉ मोहन यादव की सरकार ने विवादों में रहे जांगिड़ को श्योपुर कलेक्टर बनाया है। लोकेश जांगिड़ पर्यावरण विभाग में उप सचिव के पद पर पदस्थ है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार देररात आदेश जारी किए। 


सुखियों में रहे हैं लोकेश जांगिड़
बता दें कि शिवराज सरकार के दौरान लगातार सुर्खियों रहने वाले आईएएस अधिकारी लोकेश जांगिड़ को कई बार ट्रांसफर का दौर झेलना पड़ा था। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि डॉ मोहन यादव की सरकार में लोकेश जांगिड़ के दिन बदलने वाले हैं। 

सीनियर्स के खिलाफ मुखर  
आईएएस अधिकारी लोकेश जांगिड़ कई वजहों से सुर्खियों में रहे हैं। मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले लोकेश बड़वानी में अतिरिक्त कलेक्टर रहते हुए जून 2021 में आईएएस एसोसिएशन के ग्रुप में अपने सीनियर्स पर कई आरोप लगाए थे। जिसके बाद पूरे देश में तब उनकी चर्चा शुरू हो गई थी। इस वाकये के बाद आईएएस एसोसिएशन के तत्कालीन अध्यक्ष ने उन्हें पोस्ट डिलीट करने को कहा था। तो उन्होने ऐसा करने से साफ इंकार कर दिया था।  इसके बाद उन्हें आईएएस एसोसिएशन के ग्रुप से रिमूव कर दिया था।

सीएम की पत्नी पर भी कमेंट 
इस मामले के बाद उनका तबादला बड़वानी में अतिरिक्त कलेक्टर से भोपाल स्थित राज्य शिक्षा केंद्र में कर दिया गया यह उनका नौवां तबादला था। इस ट्रांसफर से नाराज आईएएस ने एक और पोस्ट लिखा, जिसने और बवाल मचा दिया। इस बार तो उन्होने सीएम की पत्नी को भी निशाने में ले लिया।  उन्होंने पोस्ट किया कि कलेक्टर पैसा नहीं खा पा रहे थे, इसलिए शिवराज सिंह चौहान के कान भर दिए। दोनों ही किरार समाज से हैं और कलेक्टर की पत्नी किरार महासभा की सचिव है। वहीं, सीएम की पत्नी उसकी अध्यक्ष हैं।  बाद में इन्हें धमकी भी मिली थी कि भाभी जी के बारे में ऐसा क्यों लिखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी।

लड़की को चाय का ऑफर 
इतना ही नहीं साल 2021 में लोकेश एक बार फिर तब समाचार पत्रों में छापे गए जब  उन्होंने एक लड़की को चाय पर बुला लिया। दिल्ली यात्रा के दौरान उन्होंने एक लड़की को मैसेज किया...मैं दिल्ली में हूं और आपके साथ चाय पीना चाहता हूं। आपके समय और इच्छा हो तो आएं। मेरे बारे में जानकारी चाहिए तो लोकेश जांगिड़ गूगल मे सर्च करें।  बाद में लड़की ने इस मैसेज का स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इसके बाद लोकेश ट्रोल होने लगे थे। हालांकि विवाद जब तूल पकड़ा तो आईएएस अफसर लोकेश जांगिड़ ने कहा था कि इसमें कुछ गलत नहीं है। चाय पर बुलाना गलत नहीं है।