MP News: 11 सदस्यीय विदेशी टीम ने समझा इतने बड़े देश में कैसे होते हैं चुनाव?, एमपी दौरे पर है दल

 मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में समझी मतदान प्रक्रिया, राजनैतिक दलों के प्रचार तरीके  को भी जाना

 | 
bhopal

भोपाल। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, और इन दिनों देश में लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव चुनाव जारी है। सात चरणों में होने वाले मतदान में से कल तीसरे चरण के लिए वोटिंग की जाएगी। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में इतनी बड़ी आबादी के साथ कैसे सफलतापूर्वक चुनाव कराए जाते हैं।  किस तरह से राजनीतिक दल चुनाव प्रचार और सभाएं करते हैं, यह सब समझने के लिए दुनिया भर के प्रतिनिधियों का दल मप्र की राजधानी भोपाल पहुंचा। श्रीलंका और फिलीपींस से आए 11 सदस्यीय प्रतिनिधि दल ने सोमवार को लाल परेड मैदान पहुंचकर चुनाव सामग्री वितरण की प्रक्रिया को समझा। इसके साथ ही अधिकारियों से चर्चा कर अन्य चुनाव संबंधी जानकारी भी हासिल की।


भोपाल लोकसभा सीट में तीसरे चरण के तहत कल यानी 7 मई को वोटिंग होनी है जिसके लिए आज यानी 6 मई को मतदान दल को लालपरेड ग्राउंड में साम्रग्रियों का वितरण किया गया। इस पूरी प्रक्रिया का दल के सदस्यों ने अवलोकन किया। इस दौरान भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने उन्हें ईवीएम से मतदान कराने की विधि समझाई। इसके अलावा वीवीपैट, मतदान दल गठन प्रक्रिया, मतदान सामग्री वितरण, मानिटरिंग व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी गई।

राजनीतिक माहौल के बारे में भी जाना
जानकारी के अनुसार,  फिलीपींस श्रीलंका से आए 11 सदस्यीय दल मध्यप्रदेश के दौरे पर है। दल के सदस्यों ने राजनीतिक दलों के द्वारा किए जाने वाले प्रचार, सभाओं के बारे में जाना और उम्मीदवारों से भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने यह भी जाना कि मतदाताओं के बीच पहुंचकर उम्मीदवार किस तरह से अपने लिए समर्थन मांगते हैं। इस दौरान उन्हें किन-किन बातों का ध्यान रखना पड़ता है। आचार संहिता के दौरान क्या-क्या सावधानी बरतनी पड़ती है। इन सभी के बारे में सदस्यों ने बारीकी से जानकारी ली।


विदेशी टीम को बताया गया कि मतदान की प्रक्रिया की शुरूआत में सबसे पहले मतदान दलों का चयन किया जाता है जिसमें प्रशासन के कर्मचारियों सहित अन्य दलों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहते हैं।  इन्हें मतदान कराने के लिए मास्टर ट्रेनरों द्वारा विधिवत प्रशिक्षण भी दिया जाता है।  इससे पहले मशीनों का रेंडमाइजेशन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने होता है। यह भी जानकारी दी गई।

11 सदस्यीय दल में ये रहे मौजूद 
आयोग के 11 सदस्यीय प्रतिनिध दल के पांच सदस्य सुंथाराम अरुमैनयालम, अलिसंडारालागे सेनानाय, अहमद लेब्बे मोहम्मद सलीम, निमल्का फर्नांडो और विथरानगे दीपानी सामन्था ने लाल परेड मैदान में मतदान सामग्री वितरण, मतदान केंद्रों और दलों के गठन आदि के बारे में जानकारी ली।