पंडोखर धाम पहुंचे नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, बागेश्वर धाम पर साधा निशाना

बोले- मैंने कई धाम देखे हैं, पंडोखर सरकार के महंत जो कर रहे हैं वो प्रशंसनीय  

 | 
apndokahar

 प्रदेश में इन दिनों कथा वाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। तमाम पार्टी के नेता भी धर्म गुरु से सहारे लोगों को लुभाने में भी लगे हुए हैं। लेकिन इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने बागेेश्वर धाम पर निशाना साधा है। और उन्हे भारतीय जनता पार्टी का प्रचारक बता दिया। 

दरअसल विधानसभा नेता प्रतिपक्ष लहार विधायक डॉ. गोविंद सिंह एवं सेंवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह पंडोखर धाम पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें पंडोखर धाम के महंत गुरु चरण दास महाराज जी से मिले और उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही, पंडोखर धाम महंत का दरबार भी देखा। और उनके दरबार व पंडोखर धाम की जमकर तारीफ करते हुए बागेश्वर धाम पर आरोप लगाए। 

गोविंद सिंह ने कहा कि मैने कई धाम देखे हैं, बागेश्वर धाम राजनीतिक आधार पर है जो कि भारतीय जनता पार्टी का प्रचार करते हैं। लेकिन पंडोखर धाम में सभी का सम्मान होता है चाहे कोई किसी भी दल से हो। नेता प्रतिपक्ष ने पंडोखर धाम की तारीफ की और कहा कि, एतिहासिक मंदिर को चमत्कारिक मंदिर बनाया है वहीं, महंत के दरबार को लेकर बताया कि, दरबार 100 प्रतिशत सही है। 

चुनावी साल में दिए गए गोविंद सिंह के इस बयान पर  बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री क्या टिप्पणी करते हैं यह देखना भी काफी अहम होगा। क्यों कि अपनी कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का जबाव भी देते हैं।

  डॉ. गोविंद सिंह ने बताया कि, उन्होंने कई धाम को देखा लेकिन वास्तविकता में जो कार्य पंडोखर सरकार के महंत कर रहे हैं वो प्रशंसनीय हैं। इस गरीब स्थान पर उन्होंने जंगल में मंगल कर दिया है, जहां पर लोग रोजी-रोटी को तरसते थे आज वहां पर इन्होंने चमत्कार कर दिया है। जो बड़े-बड़े फैक्ट्री वाले उद्योगपति पूंजीपति रोजगार नहीं दे सकते हैं, वह महाराज ने करके दिखा दिया है। हजारों लोगों को रोजगार मिला है।