नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस ने छापा मार लाखों का माल किया बरामद

4 आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा, जुटाई जा रही जानकारी

 | 
badwani

अगर आप भी पान मसाला खाते हैं तो यह खबर आपको चौंका सकती है। दरअसल, मार्केट में नकली गुटखा बड़ी मात्रा में बिक रहा है। ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पूरी घटना एमपी के बड़वानी जिले की है। जहां की सेंधवा थाना पुलिस को यह जानकारी मिली कि नकली विमल गुटखा बनाने की अवैध फैक्ट्री उनके थाना क्षेत्र में चल रही है, पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंच की मुआयना किया तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। 

4 आरोपी पकड़ाए, दो फरार 
सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने छापा मार कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में नकली पान मसाला जब्त किया गया। इसकी कीमत 8 लाख रुपए बताई जा रही है। साथ ही गुटखा बनाने वाली मशीन और कच्चा माल भी जब्त किया गया है। साथ ही इस अवैध फैक्ट्री में काम करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो मुख्य आरोपी अलाउद्दीन और प्रभु जाट मौके से फरार हो गए। 
 
दो मशीन सहित 8 लाख का माल बरामद

पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पता चला कि विमल कंपनी का नकली गुटखा यानी पान मसाला बनाने का काम किया जा रहा है।  इस दौरान भारी संख्या में नकली पान मसाला जब्त किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनें, 121 किलोग्राम विमल पाउच, 100 किलो ग्राम कच्चा माल, व 117 किलोग्राम तंबाकू के पाउच, विमल के पाउच बनाने के दो रोल, पाउच पैक करने की थैलियां, और खाली बारदाना जब्त किया है। जिसकी कुल कीमत 8 लाख 36 हजार 230 रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही मौके पर खड़ी आरोपियों की एक वैगरआर कार व एक मोटरसाइकल भी जब्त किया गया।

 
थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा ने बताया कि छापेमार कार्यवाही में पकड़े गए आरोपियों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करेगी। आरोपियों से यह भी जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिरकार यह कारोबार कब से संचालित है और मार्केट में कहां कहां माल की सप्लाई किया जा रहा था।