Cabinate Minister: भाजपा ने विंध्य को फिर नहीं माना मंत्री पद लायक, लगातार सभी सीटें देने के बाद भी उपेक्षा जारी

कांग्रेस कार्यकाल में विंध्य को मिला था प्रतिनिधित्व, कुं. अर्जुन सिंह बनाए गए थे एचआरडी मिनिस्टर 

 | 
vindhya

केंद्र में तीसरी बार मोदी मंत्रिमंडल का गठन हो चुका है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पांच सांसदों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। लेकिन विंध्य को फिर किनारे कर दिया गया है। उम्मीद थी कि इस बार विंध्य से किसी न किसी सांसद को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जायेगा लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। एक बार फिर विंध्य के लोगों को निराशा हाथ लगी है। जबकि पिछले तीन चुनावों से विंध्य की जनता भाजपा का ही सांसद चुन रही है लेकिन भाजपा  ने हर बार विंध्य को नजर अंदाज किया है। इससे विंध्य के लोगों में मायूसी है।

 बता दें कि स्व. अर्जुन सिंह के बाद विंध्य के किसी भी नेता को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पायी है। 2024 के चुनाव में भाजपा गठबंधन सरकार में विंध्य को महत्व मिलने का कयास लगाया जा रहा था। वजह यह कि सतना से लगातार पांच चुनाव जीत कर गणेश सिंह, रीवा से लगातार तीन बार चुनाव जीत कर जनार्दन मिश्रा और शहडोल से लगातार दूसरी बार चुनाव जीत कर हिमाद्री सिंह संसद तक पहुंची थी। माना जा रहा था कि पिछड़ा वर्ग कोटे से गणेश सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। यदि गणेश सिंह को नहीं लिया गया तो आदिवासी कोटे से हिमाद्री सिंह को शामिल किया जायेगा। सामान्य कोटे से जनार्दन को भी लिया जा सकता है लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसी सांसद को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया।


कांग्रेस ने दिया था विंध्य को तवज्जो
पिठले तीन दशक में भाजपा 6 बार सत्ता में आई। पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी बाजापेयी के नेतृत्व में 13 दिन, फिर 13 महीने और पूरे पांच साल। 2014 से लगातार मोदी सरकार है। लेकिन किसी कार्यकाल में विंध्य के किसी नेता को महत्व नहीं दिया गया। इसके पूर्व कांग्रेस केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया गया था। 2004 के बाद मनमोहन सिंह सरकार में लगातार दो बार अर्जुन सिंह को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री बनाया गया। इसके बाद किसी का नंबर ही नहीं लगा।

arjun singh

लगातार तीन चुनावों से भाजपा का है कब्जा
बता दें कि विंध्य में चार लोक सभा सीटें हैं। पिछले तीन चुनावों से विंध्य की सभी सीटों पर पर भाजपा का कब्जा है। 2014 में रीवा से जनार्दन मिश्रा, सतना से गणेश सिंह, सीधी से रीती पाठक, शहडोल दलपत सिंह परस्ते, 2019 में रीवा से जनार्दन मिश्रा, सतना गणेश सिंह, सीधी रीती पाठक व शहडोल से हिमादी सिंह और 2024 में रीवा से फिर जनार्दन मिश्रा, सतना से गणेश सिंह, शहडोल से हिमादी सिंह और सीधी भाजपा के नए कंडीडेट डॉ राजेश मिश्रा को जीत मिली। इसके पूर्व विंध्य की आधी सीटों में भाजपा की कब्जा रहा है। इसके बावजूद विंध्य की उपेक्षा लोगों को खल रही है।