Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल को महिलाओं के खाते में नहीं आएंगे 1 हजार रुपए, सीएम विष्णुदेव साय ने खुद दी जानकारी

 भाजपा सरकार की बेहद महत्वाकांक्षी योजना है- महतारी वंदन ; छत्तीसगढ़ के लोग कहते हैं- मोदी की गारंटी 

 | 
Mahtari Vandan Yojna

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना अंतर्गत माह अप्रैल की पहली तारीख को महिलाओं के खातों में भेजी जाने वाली राशि नहीं दी जा रही है। यह जानकारी स्पष्ट तौर पर स्वयं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा दी गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार को हटाकर आई भाजपा सरकार की महतारी वंदन योजना बेहद महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना को छत्तीसगढ़ में भाजपा के लोग मोदी की गारंटी भी कहते हैं। 

 महतारी वंदन योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ की महिलाओं को विगत माह से ₹1000 हर महीने दिए जाते हैं। योजना की दूसरी किस्त 1 अप्रैल को दिए जाने की बात विष्णुदेव साय सरकार द्वारा पूर्व में कही गई थी लेकिन अब यह राशि 1 अप्रैल को नहीं अंतरित की जाएगी। 

शनिवार को रायपुर के कांदूळ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भारतीय जनता पार्टी की विजय बूथ अभियान में शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री साय ने इसका कारण वित्तीय वर्ष खत्म होना बताया है। मुख्यमंत्री साय द्वारा बताया गया कि हमने महतारी वंदन योजना के तहत 1 अप्रैल को महिलाओं के खातों में राशि जारी करने का वादा किया था किंतु अब यह 1 अप्रैल को संभव नहीं हो पा रहा है। क्योंकि वित्तीय वर्ष खत्म हो रहा है तो 1 अप्रैल को छुट्टी का दिन होगा। मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। 

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह भी जानकारी दी कि अब 2 या 3 अप्रैल को महतारी वंदन योजना की राशि जारी की जाएगी। यह राशि महिलाओं के खातों में सीधे आ जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु साय ने कांदूळ में भाजपा के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम बूथ विजय अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में गांव, किसान, गरीब, मजदूर सभी का विकास हुआ है और उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा के कमल निशान को हर घर तक पहुंचाना है, हर घर में भारतीय जनता पार्टी का झंडा लहराना है।  

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद कई घरों में भाजपा का झंडा लहराया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने पूर्व में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के कार्यों की जमकर बखिया उधेड़ी  और तंज भी कैसा। सीएम ने भाजपा सरकार की जमकर सराहना भी की।