दिग्विजय सिंह के मुंह से आखिर निकल ही गया- कौन होगा सीएम पद का चेहरा

विदिशा। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम एवं राज्यसभा के सांसद दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कई अटकलों को विराम दे दिया। दिग्विजय ने स्पष्ट कर दिया है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो कौन मुख्यमंत्री पद का चेहरा होगा। राज्यसभा सांसद दिग्विजय ने भाजपा (bjp) की प्रदेश सरकार पर जमकर आरोप भी लगाए।
दिग्विजय सिंह (digvijay singh) सोमवार को विदिशा के शमशाबाद में मीडिया से बात कर रहे थे। दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार पर भी जमकर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने मध्यप्रदेश में हाल ही में लांच हुई लाडली बहना योजना को चुनावी स्टंट बताया। दिग्विजय ने कहा कि सरकार को 18 सालों से बहनों की याद नहीं आई। दिग्विजय सिंह ने जोर देकर कहा कि मध्यप्रदेश में 2023 में कांग्रेस की सरकार बन रही है और मुख्यमंत्री पद का चेहरा कमलनाथ (kamal nath) होंगे।
मध्यप्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। करीब 7 माह का समय ही शेष रह गया है। इससे पहले राजनीतिक दल अपना अपना क्षेत्र मजबूत करने में जुट गए हैं। भाजपा ने बड़े नेताओं के साथ कार्यक्रम करना भी शुरू कर दिया है। प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी आदि नेताओं के कार्यक्रम हो रहे हैं। गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह पिछले दिनों ग्वालियर चंबल क्षेत्र के दौरे पर थे, अब वे पांच दिनों तक मिशन बुंदेलखंड पर निकल पड़े हैं।
दिग्विजय सिंह महानीम चौराहे स्थित आरएम गार्डन में आयोजित मंडलम और सेक्टर स्तर के कार्यक्रम में भी गए, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ वन टू वन चर्चा की। दिग्विजय ने इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और उत्साहवर्धन किया। दिग्विजय ने तीन बार से हार रही विधानसभाओं का दौरा कर कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया। अपनी यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह भाजपा प्रभाव वाले क्षेत्रों के भी दौरे पर रहेंगे।