शिवराज सिंह चौहान का कमलनाथ से सवाल - कहा शिवा जी की प्रतिमा पर बुलडोजर चलाने में शर्म नहीं आई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा के सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम गुंडों के घरों पर बुलडोजर चलाते हैं, लेकिन कमलनाथ तुमने तो छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर बुलडोजर चलवा दिया। तुम्हें शर्म नहीं आई। इसके बाद सोशल मीडिया पर भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग छिड़ गई। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ को छत्रपति शिवाजी का विरोधी बता दिया। वहीं, कांग्रेस ने आरोपों को झूठा बताते हुए शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगवाने के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत करने के आदेश की प्रति शेयर कर दी।
शिवाजी की प्रतिमा का किया अनावरण
छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के मौके पर रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सौंसर पहुंचे। यहां उन्होंने शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। यहां आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कमलनाथ पर भी जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे आदर्श हैं। उन्होंने मुगलों को खदेड़ा था। सीएम ने कहा कि जब मुगल हमें प्रताड़ित कर रहे थे, देशभर में धर्मांतरण का कुचक्र चल रहा था, तब शिवाजी महाराज ने ऐसे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाकर उनका दमन किया था।
पेड़ लगाना अब जनआंदोलन बन गया है। पेड़ लगाने से बढ़िया भी कोई जन्मदिन हो सकता है क्या?
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 19, 2023
पेड़ लगाना मतलब धरती माता का श्रृंगार करना, पक्षियों को बैठने का स्थान देना, हमारे जीवन के लिए ऑक्सीजन का इंतजाम करना। #OnePlantADay pic.twitter.com/k3qDJx4EhF
बीजेपी ने शेयर किए पुराने वीडियो
फरवरी 2020 में शिवाजी महाराज की प्रतिमा को बुलडोजर के जरिए हटाने और सीएम शिवराज सिंह चौहान के दिए गए भाषण को बीजेपी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में शिवराज कह रहे हैं- प्रतिमा जनता ने बनवाई। जनता ने अपने खून पसीने की कमाई से पैसा एकत्रित किया। प्रतिमा बनवाकर लगवाई जा रही थी। अचानक आधी रात के बाद प्रशासन जागता है। जेसीबी ले आता है। शिवाजी के लिए जेसीबी, वाह रे कमलनाथ तेरा जवाब नहीं! छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिराने के लिए तुम जेसीबी लेकर आओगे। व्हाट्सएप पर जो दृश्य देखा खून खौल गया। सौंसर वालो तुम्हें प्रणाम। लोगों ने कहा- प्रतिमा धरती पर नहीं, हमारी छाती पर गिरेगी। लोगों ने छाती अड़ा दी। मैंने भी कहा मैं चुप नहीं बैठूंगा।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
बीजेपी ने वीडियो जारी किया है। इसमें बताया है कि कमलनाथ सरकार के समय सौंसर में शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर बुलडोजर चलवा दिया था। कमलनाथ को छत्रपति शिवाजी का विरोधी बताया। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा- भारत के इतिहास में छत्रपति शिवाजी महाराज के दो ही विरोधी थे। पहले तो मुगल थे औरंगजेब जैसे और दूसरे कमलनाथ | बुलडोजर से प्रतिमा हटाने का पाप कमलनाथ ने किया था। आज उसका प्रायश्चित करने का मौका भी आपने गंवा दिया। वीर जाति का अपमान किया है। आपके सांसद बेटे और आप भी वहां पर नहीं गए।
यह है विवाद की वजह
साल 2020 में छिंदवाड़ा के सौंसर कस्बे में लगी शिवाजी महाराज की प्रतिमा को प्रशासन ने बुलडोजर के जरिए हटा दिया था। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे। वहां प्रदर्शन भी किया गया था। आंदोलन में सीएम शिवराज ने भी शामिल होकर इसे शिवाजी का अपमान बताया था।