MP Vidhansabha Electon 2023: PM मोदी के बाद अब राहुल गांधी जाएंगे शहडोल, अगस्त में करेंगे चुनाव अभियान की शुरुआत

विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस का फोकस, पिछले चुनाव में  खराब था प्रदर्शन

 
 | 
rahul gandhi

मध्य प्रदेश में चुनावी रंग अब धीरे-धीरे जमने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रियंका गांधी के बाद के बाद अब कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय राहुल गांधी भी चुनावी मैदान पर उतरने का मन बना रहे हैं। माना जा रहा है कि विंध्य क्षेत्र के शहडोल से राहुल गांधी अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। हाल ही में पीएम मोदी ने शहडोल दौरा पूरा किया है। 

 प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अगस्त में शहडोल में उनकी जनसभा प्रस्तावित की है। चुनाव अभियान के अंतर्गत प्रदेश में यह उनका पहला दौरा होगा। इसके पहले 21 जुलाई को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ग्वालियर में जनसभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कार्यक्रम मालवा-निमाड़ क्षेत्र में कराने की तैयारी है। पूर्व में राहुल गांधी की जनसभा ग्वालियर में प्रस्तावित थी, जिसमें अब बदलाव किया जा रहा है।


कमज़ोर विंध्य की ओर कांग्रेस का ध्यान
प्रदेश कांग्रेस की कार्ययोजना वरिष्ठ नेताओं के अंचलवार कार्यक्रम कराने की है। चुनाव अभियान की शुरुआत प्रियंका गांधी जबलपुर से कर चुकी हैं। पिछले चुनाव में विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस को सर्वाधिक नुकसान हुआ था। यहां के 30 विधानसभा क्षेत्रों में केवल सात सीटों पर पार्टी प्रत्याशी जीते थे। यही वजह है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में विध्य क्षेत्र पर विशेष जोर दे रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने स्थानीय नेताओं से समन्वय बनाकर यहां संगठन को मजबूत किया और अब चुनाव अभियान के अंतर्गत राहुल गांधी का पहला कार्यक्रम शहडोल में प्रस्तावित किया गया है। जुलाई मंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां जनसभा को संबोधित करने के साथ आदिवासियों के साथ संवाद किया था। इसके पहले सतना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोल महाकुंभ में भाग ले चुके हैं।


अलग-अलग क्षेत्रों के दायित्व
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय संगठन के पदाधिकारियों को प्रदेश के अलग- अलग क्षेत्रों में भेजा जाएगा। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारी चल रही है। सितंबर से इनका आना शुरू हो जाएगा। जिला और तहसील स्तर पर कार्यक्रम होंगे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा का कहना है कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित सभी वरिष्ठ नेता चुनाव अभियान के अंतर्गत प्रदेश के अलग-अलग अंचल में आएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है।