MP Politics: BJP में शामिल हुए कांग्रेस नेता अभय मिश्र, रीवा की राजनीति में मची खलबली

सपत्नीक ली भाजपा की सदस्यता, सेमरिया सीट से बीजेपी के विधायक रह चुके हैं दोनों पति-पत्नी

 | 
bjp

रीवा जिले में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। पूर्व विधायक अभय मिश्र और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम मिश्रा ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा तथा गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी अभय मिश्र तथा उनकी पत्नी भारतीय जनता पार्टी में रह चुके हैं। 

दोनों रह चुके हैं विधायक
अभय और नीलम मिश्रा दोनों ही सेमरिया से भाजपा विधायक थे। इसके अलावा अभय मिश्र जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सन् 2018 का विधानसभा चुनाव अभय मिश्र ने कांग्रेस की टिकट पर रीवा विधानसभा क्षेत्र से लड़ा था और बीजेपी के राजेन्द्र शुक्ल से चुनाव हार गए थे। हालांकि अभय मिश्र को इस चुनाव में रीवा विधानसभा सीट में कांग्रेस के रिकॉर्ड मत मिले थे। 

bjp

बीते काफी दिनों से रीवा जिले के सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा थी कि वे भाजपा में शामिल होने वाले हैं। बहरहाल अब उनके शामिल हो जाने के बाद सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में राजनीति और ज्यादा रोचक हो गई है क्योंकि बीजेपी से यदि अभय मिश्र या उनकी पत्नी नीलम मिश्र को टिकट मिलता है तो फिर वर्तमान विधायक केपी त्रिपाठी का क्या होगा। वहीं कांग्रेस में भी टिकट की बाट जोह रहे कई दावेदारों की बांछें एकदम खिल गई हैं। वहीं शहर से लेकर गांव तक लोग चौक चौराहों में सेमरिया क्षेत्र की टिकट की दावेदारी जैसे विषयों पर खूब तुक्के लगा रहे हैं।