आरके स्टूडियो के बाद अब बिक गया राज कपूर का चेंबूर वाला बंगला, भावुक हुआ परिवार

साल 2019 में बिका था राज कपूर का आरके स्टूडियो 
 | 
Raj Kapoor Bungalow

Raj Kapoor Chembur bungalow now sold after RK studio: बॉलीवुड के शो मैन दिवंगत राज कपूर ने मुंबई में कई प्रॉपर्टी बनाई थी। जिसमें से आरके स्टूडियो और उनका पुश्तैनी बंगला प्रमुख है। लेकिन अब एक-एक कर के उनकी बनाई हुई प्रॉपर्टी बिकती जा रही है। आरके स्टूडियो के बाद अब उनका बंगला भी बिक गया है। साल 2019 में आरके स्टूडियो बिक गया था, जिसको गोदरेज प्रॉपर्टीज ने खरीदा था। अब राज कपूर का चेंबूर वाला पुश्तैनी बंगला भी बिक गया है। इस बंगले को भी गोदरेज प्रॉपर्टीज ने ही खरीदा है। राज कपूर का आरके स्टूडियो की कीमत करीब 200 करोड़ थी। जबकि उनके बंगले का सौदा कितने में हुआ है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि कहा जा रहा है कि करीब १०० करोड़ में डील हुई है। 

जानिये कहां है यह बंगला
बतादें कि राज कपूर के जिस बंगले की बिक्री हुई है वह चेंबूर के देवनार फार्म रोड पर है। इस बंगले को 'कृष्णा राज' के नाम से जाना जाता है। जब राज कपूर की शादी कृष्णा से हुई थी तभी उन्होंने यह बंगला खरीदा था। इस बंगले से कपूर खानदान की कई यादें जुड़ी हुई हैं। बतादें कि राज कपूर का यह बंगला चेंबूर के सबसे महंगे इलाके में है। इस बंगले के पास टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज का बड़ा सा कॉलेज भी है। बताया जा रहा है कि गोदरेज प्रॉपर्टीज द्वारा राज कपूर के इस बंगले के स्थान पर एक प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट बनाया जायेगा।

भावुक हुआ कपूर परिवार
बंगले के बिक जाने पर राज कपूर के बड़े बेटे रणधीर कपूर सहित अन्य परिवार के लोग काफी इमोशनल हो गए। रणधीर ने एक स्टेटमेंट जारी किया जिसमें उन्होंने कहा है कि चेंबूर वाला बंगला हमारे परिवार के लिए बेहद ही महत्वपूर्ण है। वहां से हमारे परिवार की कई यादें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हम एक बार फिर से गोदरेज के साथ जुड़कर बेहद खुश हैं। हमें यकीन है कि यह कंपनी हमारी इस विरासत को अगले फेज में लेकर जाएगी।