Sidhi News: सीधी में समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति की समीक्षा की
सेवा संकल्प अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां आयोजित करने दिए निर्देश
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न अभियानों, योजनाओं, आगामी कार्यक्रमों तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी गतिविधियों के आयोजन तथा उनमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाते हुए जनभागीदारी को और विस्तारित किया जाए।
कल होगा बलराम कृषि महोत्सव
कलेक्टर ने बताया कि बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन 23 सितम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित है। कार्यक्रम शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कृषि एवं संबंधित विभागों को शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान भाइयों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को उनके लिए उपयोगी एवं लाभप्रद बनाने पर जोर दिया। इसी दिन आयुर्वेद मेला भुईमाड़ में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने आयुष, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
25 को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अगला जिलास्तरीय शिविर 25 सितम्बर को कुसमी में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में वृहद स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित होगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिविर की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से नहीं चलेंगी बसें
कलेक्टर ने बस स्टैंड की शिफ्टिंग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन नहीं होगा। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों की सुविधा के लिए लालता चौक के स्थान पर पुराने बस स्टैंड में आवश्यक व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई। इससे शहर में यातायात के सुचारू संचालन में सुविधा होगी। बैठक में दूरसंचार के अंतर्गत टॉवर स्थापना, अतिक्रमण तथा राहत संबंधी प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
शिकायतों के निराकरण में तेजी लाएं
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, सिहावल राकेश शुक्ला, चुरहट अजय शर्मा, कुसमी सागर जैन सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।