Sidhi News: सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने की समय-सीमा बैठक में शासकीय योजनाओं की समीक्षा

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान तहत शक्रवार को पटपरा में लगेगा शिविर, एक माह बाद होगा फॉलोअप शिविर

 

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति और लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। 


उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पटपरा में आयोजित होने वाले शिविर की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। 


कलेक्टर ने खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी तरीके से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। 


निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि फोटो निर्वाचक नामावली में नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के साथ ही विवाह के बाद जिले में आई नवविवाहित महिलाओं के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराए जाएं।


प्राथमिकता से करें निराकरण
कर्मचारी कल्याण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों एवं अन्य स्वत्वों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा विभागीय जांच के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने को कहा।


मातृ-शिशु स्वास्थ्य की सतत निगरानी के निर्देश
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग को गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराकर उन्हें बेहतर पोषण एवं उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।


गुणवत्ता से समझौता न हो
कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा प्रश्नों के उत्तर समय पर भेजने तथा छात्रावासों की नियमित निगरानी कर वहां विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। 


कलेक्टर ने बताया कि 28 नवंबर को शासकीय महाविद्यालय सिहावल में युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बैठक में वनमण्डलाधिकारी प्रीति अहिरवार, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।