Sidhi News: सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने गेहूं उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं पर विशेष जोर
आदर्श उपार्जन केन्द्र बनाने के दिए निर्देश, बेहतर कार्य पर मिलेगा 'स्टार ऑफ द मंथ'
सीधी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा ने 12 अप्रैल को विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अमरवाह, चुरहट (बीओटी गोदाम कठौतहा), सेमरिया एवं सांडा उपार्जन केन्द्रों का भ्रमण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अप्रैल से 12 मई 2026 तक निर्धारित उपार्जन अवधि में केन्द्रों पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी केन्द्र प्रभारियों को आवश्यक भौतिक एवं तकनीकी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
किसानों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन कार्य सप्ताह में पांच दिवस (सोमवार से शुक्रवार) प्रात: 8 बजे से शाम 8 बजे तक किया जाएगा तथा तौल पर्ची शाम 6 बजे तक जारी की जाएगी। उन्होंने केन्द्रों पर हाई-स्पीड इंटरनेट, निर्बाध विद्युत या जनरेटर, कंप्यूटर-प्रिंटर, स्कैनर, यूपीएस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही किसानों के लिए प्रतीक्षा कक्ष, पेयजल, शौचालय, छाया, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य जनसुविधाओं को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
गुणवत्ता एवं पारदर्शिता पर जोर
कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों पर गुणवत्ता परीक्षण के उपकरण जैसे एनालॉग मॉइश्चर मीटर, बड़ा छनना, पंखे एवं परखी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सूचना पटल पर उपार्जन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी, गुणवत्ता मानक, भुगतान प्रक्रिया एवं टोल-फ्री नंबर प्रदर्शित करने को कहा।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से तिरपाल, ड्रेनेज व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र, रेत, बाल्टी एवं फर्स्ट-एड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सहकारिता, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।