Sidhi News: सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने छात्रावास का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों संग किया रात्रि भोजन
सीधी। कलेक्टर ने मंगलवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कुसमी का भ्रमण कर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य, दैनिक दिनचर्या, खेलकूद, छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। वहीं शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की प्रगति, नवाचारों तथा विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का भी विकास करें। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता, भोजन, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में विद्यार्थियों के साथ बैठकर रात्रि भोजन भी किया। भोजन के दौरान उन्होंने बच्चों से सहज वातावरण में चर्चा की, उनकी समस्याएं सुनीं, भोजन की गुणवत्ता और छात्रावास की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों ने भी कलेक्टर के साथ आत्मीय बातचीत कर अपने अनुभव साझा किए। कलेक्टर के इस आत्मीय संवाद और मार्गदर्शन से शिक्षक एवं विद्यार्थी दोनों ही उत्साहित नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन उनकी शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास करता रहेगा।