Sidhi News: सीधी कलेक्टर के सख्त निर्देश- समय पर नहीं मिली अंत्येष्टि सहायता तो होगी कार्रवाई

जरूरतमंद परिवारों को समय पर राहत न मिलने पर तय की जाएगी जिम्मेदारी 

 

सीधी। जिला प्रशासन द्वारा अंत्येष्टि सहायता के मामलों में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए पंचायतों के मैदानी अमले, ग्राम रोजगार सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिवों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि समय पर उपलब्ध कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।


भ्रमण के दौरान तथा विभिन्न स्रोतों से प्राप्त शिकायतों में यह तथ्य सामने आया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई जरूरतमंद परिवारों को अंत्येष्टि सहायता समय पर नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंत्येष्टि सहायता जैसी संवेदनशील योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय-सीमा में सहायता राशि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।


किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।


मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर सहायता मिल सके और संवेदनशील योजना का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।