Sidhi News: सीधी कलेक्टर ने गैस की सतत आपूर्ति, पारदर्शी वितरण एवं कालाबाजारी रोकने के दिए निर्देश

बोले- शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण करें निराकरण

 

सीधी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने घरेलू गैस की सतत आपूर्ति, पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गैस की कालाबाजारी पर कड़ी रोक लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


गैस से सम्बंधित गतिविधियों पर सख्त निगरानी
कलेक्टर ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं अधिक मूल्य वसूली जैसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखते हुए शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।


शिकायतों का निराकरण हो वास्तविक और संतोषजनक: कलेक्टर
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक और संतोषजनक होना चाहिए। 


100 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश 
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विषयों से संबंधित शिकायतों तथा 100 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित शिकायतें प्रशासन की छवि को प्रभावित करती हैं, इसलिए इनका शीघ्र समाधान आवश्यक है।


नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की जिम्मेदारी
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित तथा समय-सीमा से बाहर हुए प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।