Sidhi News: सीधी में गौ घाट का कलेक्टर एवं एसपी ने किया निरीक्षण, दिए कड़े सुरक्षा निर्देश

नदी के गहरे पानी में जाने पर पूर्ण प्रतिबंध, नाव से विसर्जन पर भी रोक

 

सीधी। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने प्रशासनिक टीम के साथ गौ घाट का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व विसर्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।


अस्थायी कुंड में ही होगा विसर्जन
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने निर्देश दिए कि सोन नदी के मुख्य जलप्रवाह में सीधी प्रतिमा विसर्जन के बजाय किनारे पर अस्थायी विसर्जन कुंड तैयार किए जाएं। सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन इन्हीं कुंडों में कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदियों में जलस्तर अधिक होने के कारण सुरक्षा के दृष्टिकोण से नाव के माध्यम से विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।


सुरक्षा उपकरण और गोताखोर तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, लाउडस्पीकर, टेंट तथा आवश्यक बचाव संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड के प्रशिक्षित गोताखोर (तैराक), लाइफ जैकेट, रस्से एवं अन्य जीवनरक्षक उपकरण घाट पर अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे।

यातायात-पार्किंग का विशेष प्लान
विसर्जन जुलूस और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने वाहनों की आवाजाही के लिए डायवर्जन रूट तय करने और सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, उपखंड अधिकारी (एसडीएम) गोपद बनास प्रिया पाठक सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।