Sidhi News: मंत्री के साथ गेहूं की फसल काटने लगे भाजपा के प्रत्याशी, वीडियो हो रहा वायरल 

सीधी से बीजेपी प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्र आए चर्चा में, कांग्रेस ने कहा- चुनावी स्टंट

 

सीधी। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी का असर अब साफ दिखने लगा है। राजनैतिक पार्टी और नेता जनता को रिझाने का कोई तरीका नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मप्र के सीधी संसदीय क्षेत्र से सामने आया है जहां भाजपा प्रत्याशी चुनाव प्रचार के दौरान खेत में किसान व मजदूरों के साथ गेहूं काटने लगे। इस दौरान उनके साथ राज्यमंत्री राधा सिंह भी उनका साथ देतीं नजर आईं। नेता जी की इस किसान मजदूर प्रेम वीडियो अब सामने आ चुका है। जो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। जिसमें लोग अलग अलग प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। 

बीजेपी प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा चितरंगी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए निकले थे। इस दौरान कुछ किसान अपने खेतों में गेहूं की फसल काट रहे थे। पहले तो किसानों से भाजपा प्रत्याशी ने बातचीत की बाद में उनका हाथ बंटाने लगे। उन्होंने हंसिया उठाई और फसल काटने मे भिड़ गए। इस दौरान चितरंगी से विधायक व मप्र की राज्यमंत्री राधा सिंह भी उनके साथ मौजूद थीं। उन्होनें भी फसल काटने में उनकी मदद की। बाकी काम नेता जी के समर्थक व कार्यकर्ता ने वीडियो बनाकर कर दिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। 

नेता जी के इस श्रमदान से उस किसान की कटाई में कितनी मदद हुई यह तो वह ही जाने लेकिन इस वीडियो से नेताजी की सुर्खियों में रखने वाली फसल जरूर तैयार कर दी। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद लोग अलग अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई बीजेपी प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्र की तारीफ कर रहा है तो कोई इसे महज चुनावी स्टंट बता रहा है। इस मामले में  डॉ राजेश मिश्र ने कहा कि  हम सभी किसान हैं और भारत देश किसानों का देश है। इसलिए हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके हितों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे। इसी के लिए हमने उनके साथ मौजूद होकर खेत काटा है।

 

वहीं वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल से भी यह सवाल पूछा गया कि आखिर वह भाजपा प्रत्याशी के इस रूप को कैसे देखते हैं तो कमलेश्वर पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए यह सब  कर रहे हैं। यह सब केवल चुनावी स्टंट है।