Sidhi News: सीधी में कृषि वैज्ञानिकों ने नवीन तकनीकी के संबंध में किसानों से की सार्थक चर्चा

देश की कृषि और किसानों को सम्पन्न बनाएगा विकसित कृषि संकल्प अभियान: डॉ. राजेश मिश्रा

 

सीधी। सांसद डॉ राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में जिले के ग्राम पंचायत गांधीग्राम में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिकों ने किसान भाइयों के साथ कृषि के क्षेत्र में नवीन तकनीकी के संबंध में सार्थक चर्चा की। 


सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंशानुरूप कृषकों से प्रत्यक्ष जुड़ाव तथा संवाद के माध्यम से देश के कृषि और किसान को सम्पन्न बनाने यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह अभियान निश्चित तौर पर किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। 


सांसद ने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसान खुशहाल होंगे तभी देश की असली तरक्की होगी। विकसित कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य कृषकों को नवविकसित फसल किस्मों एवं कृषि तकनीकों की जानकारी, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन, मृदा स्वास्थ्य पत्रक की अनुशंसाओं के आधार पर रसायनिक उर्वरकों के संतुलित तथा वैकल्पिक उपयोग के संबंध में जागरुक करें। 


 इस दौरान ड्रोन तथा नैनो यूरिया ,नैनो डी ए पी का जीवंत प्रदर्शन का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर देवकुमार सिंह चौहान, उप संचालक कृषि संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ ए श्रीवास्तव, कृषि विज्ञान केंद्र सीधी, डॉ अलका सिंह, सहायक संचालक मछली पालन, पशुपालन, उद्यानिकी विभाग, महिला बल विकास, राजस्व, सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।