Singrauli News: एनसीएल सीएसआर के माध्यम से बनेगा 400 सीटर अत्याधुनिक सभागार
कलेक्टर ने किया निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
विकास कार्यों में बाधक अवैध अतिक्रमण सख्ती से हटाने के निर्देश
सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने गनियारी स्थित निर्माणाधीन शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा कुछ कार्य शेष हैं।
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी पीआईयू को शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही द्वितीय चरण के प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि गनियारी स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर को विद्यार्थियों के लिए एक समग्र एवं आधुनिक शैक्षणिक परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। परिसर में बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किया जा रहा है, जिसका उपयोग बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ-साथ संगोष्ठी, शैक्षणिक कार्यक्रम एवं अन्य आयोजनों के लिए किया जा सकेगा।
कलेक्टर गौरव बैनल की पहल से एनसीएल सीएसआर के माध्यम से 400 सीटर सभागार की स्वीकृति कराई गई है। इसी परिसर में बनने वाले इस सभागार का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बड़े स्तर पर शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।
महाविद्यालय परिसर के भविष्य के विकास की योजना के तहत विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी एवं आधुनिक पुस्तकालय सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। इस प्रकार महाविद्यालय भवन के साथ बहुउद्देशीय भवन, 400 सीटर सभागार एवं भविष्य में प्रस्तावित पुस्तकालय सहित विभिन्न सुविधाओं को एक ही परिसर में विकसित करने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विकास कार्यों में बाधक आसपास के अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार सख्ती से हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि निर्माण एवं आगामी विकास कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि गनियारी का यह परिसर आने वाले समय में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अध्ययन की सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक महाविद्यालय परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत संघप्रिय, तहसीलदार सविता यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।