Singrauli News: सिंगरौली में बलराम कृषि महोत्सव का आयेाजित हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम, सीएम ने किया सीधा संवाद

कृषि विविधीकरण और श्रीअन्न उत्पादन की सराहना की, किसानों को मिली कई सौगातें

 

सिंगरौली। कृषि उपज मंडी परिसर में किसान कल्याण एवं कृषि विकास के संकल्प के साथ बलराम कृषि महोत्सव का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों को संबोधित करते हुए सिंगरौली जिले की कृषि विविधीकरण और श्रीअन्न उत्पादन की सराहना की। 


उन्होंने कहा कि सिंगरौली खनिज उत्पादन के साथ कृषि के क्षेत्र में भी योगदान दे रहा है। कोदो-कुटकी की उपयोगिता को देखते हुए श्रीअन्न पर एमएसपी लागू की गई है। आने वाले समय में जिले में हल्दी, अदरक, धनिया जैसे मसालों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों की आय बढ़ सके।


मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगरौली को मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, माइनिंग कॉलेज और फोरलेन सड़क के साथ-साथ पीएम सुगम बस सेवा की सौगात मिली है। राज्य में 1500 नई बसों को हरी झंडी दिखाई गई है, जिनकी संख्या बढ़ाकर 15 हजार की जाएगी। इसमें ई-बसें भी शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि खेतों की सिंचाई के लिए दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसानों को रात में काम करने से राहत मिली है। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है। 


महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत बीज, नवीन तकनीक और फसल प्रबंधन की जानकारी दी। प्रगतिशील किसान राजेंद्र प्रसाद बैस, पुष्पराज बैस, आशीष शाह, रीता शाह और बाबू भाई सोनी ने अपने अनुभव साझा किए। 


उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं—नितेश कुमार प्रजापति, शिवांसी तिवारी, रिया सिंह बैस, इंद्रावती बैस और सरोज सिंह बैस को सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को ऋण एवं योजना लाभ पत्र वितरित किए गए। पीएमएफएमई योजना के तहत अजय पाल को राइस मिल के लिए 12,64,000 रुपए, राममणि यादव को आटा मिल के लिए 9,98,280 रुपए और राजेश कुमार शाह को ऑयल मिल के लिए 9,99,460 रुपए की बैंक स्वीकृति दी गई। साथ ही मुन्ना लाल शाह, रामसगुन शाह, रामसागर शाह, पुष्पराज बैस, रामेश्वर सिंह और कृष्ण बिहारी बैस को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए। 


इस अवसर पर विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।