Singrauli News: सिंगरौली कलेक्टर अंकित आस्थाना ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर का किया निरीक्षण

माह में 1 बार अंतरिक्ष दर्शन सत्र आयोजित करने के दिए निर्देश, आम नागरिक भी हो सकेंगे शामिल

 

सुबह 8-10 बजे के बीच स्कूल एवं छात्रावास परिसर की सफाई पूर्ण करने के दिए निर्देश

सिंगरौली। जन विश्वास अभियान के तहत तहसील मुख्यालय देवसर में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सिंगरौली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर के क्लासरूम, छात्रावास, मेस एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सुबह 8 से 10 बजे के बीच स्कूल सहित संपूर्ण परिसर एवं छात्रावास की सफाई अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए। मेस में भोजन तैयार करने एवं परोसने से पूर्व साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। 


इसके लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने तथा शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्रावास की खिड़कियों के टूटे अथवा क्षतिग्रस्त कांच को दुरुस्त कराने के साथ ही छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।


कलेक्टर ने परिसर के हॉल का उपयोग छात्राओं की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाम एवं सप्ताहांत में हॉल में संगीत कक्षाएं, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं, जिससे छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा विकसित करने के अवसर मिलें। 


उन्होंने परिसर में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने छात्राओं में विज्ञान एवं अंतरिक्ष के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से माह में कम से कम एक बार अंतरिक्ष दर्शन सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। 


इन सत्रों में छात्राओं के साथ-साथ अंतरिक्ष एवं विज्ञान में रुचि रखने वाले आम नागरिकों को भी शामिल किया जाए, ताकि विज्ञान के प्रति जागरूकता एवं जिज्ञासा को प्रोत्साहित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सघप्रिय उपस्थित रहे।