Singrauli News: सिंगरौली में लोगों के हाल बेहाल, आसमान से बरस रही आग

भीषण गर्मी से लोग पेरशान, नौतपा में भी नही पड़ी इतनी गर्मी

 

सिंगरौली। पिछले एक सप्ताह से ऊर्जाधानी में सूर्य देवता आसमान से आग उगल रहे हैं। आलम यह है कि लगातार गर्मी जोर पकड़ रही है। जिससे ऊर्जाधानी वासियों का हालत खस्ता है। आलम यह है कि पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच जा रहा है। जबकि न्यूनतम 28 तक है। 

नौतपा के समय करीब-करीब एक दिन भी तपा नहीं है। बल्कि ऊर्जाधानी में बीच-बीच में बारिश भी होती रही। जिसके चलते इस वर्ष नौतपा नहीं तपा। लेकिन नौतपा के समाप्त होते ही आसमान से सूर्य देवता आग उगलना शुरू कर दिए हैं।

आलम यह है कि सुबह 8 बजे से चिलचिलाती धूप भी तीखी लगने लगती है। 10-11 बजे दिन के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। वहीं दोपहर होते-होते प्रचण्ड गर्मी का ऐहसास होने लगता है और इस दौरान कूलर पंखे भी गर्म हवा फेंकने लगते हैं।

इतना ही नहीं छतो पर रखी टंकियों के पानी भी गर्म हो जा रहे हैं। इन दिनों प्रचण्ड गर्मी पड़ रही है। ऊपर से उमस ने और ज्यादा हाल-बेहाल कर दिया है। पंखे-कूलर काम नहीं कर रहे हैं। 

सुबह 10 बजे के बाद टंकी के पानी से स्नान करना भी मुश्किल हो गया है। वहीं बिलौंजी निवासी मिथिलेश शाह का कहना है कि इतनी प्रचण्ड गर्मी पड़ रही है कि दोपहर से लेकर शाम तक घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

इधर प्रचण्ड गर्मी के चलते मुख्य शहर बैढ़न के प्रमुख मार्ग दोपहर के समय सूनी हो जा रही है। वहीं लू का भी असर दिख रहा है। लू के चपेट में आने से बच्चे एवं बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं। फिलहाल जिले में पड़ रही प्रचण्ड गर्मी से कब राहत मिलेगी, अभी इस पर कुछ कह पाना मुश्किल है। 

लेकिन मौसम विभाग के अनुसार दिन रविवार तक में बारिश की संभावना है। लेकिन इस दौरान प्रचण्ड गर्मी व चिलचिलाती धूप व उमस के आगे हर कोई बेबस नजर आ रहा है और उफ इतनी भीषण गर्मी, जहां कूलर-पंखे भी काम नहीं कर रहे हैं। इससे कब निजात मिलेगी और मानसून कब दस्तक देगा, इसी बात को लेकर लोग-बाग चर्चाएं करने लगे हैं।