Singrauli News: टोल वसूल रहे हैं, तो सड़क को गड्ढा मुक्त भी बनाइए!
गड्ढों में सड़क, लाखों रुपए रोज वसूल रहे टोल टैक्स
जमगड़ी गजरा-बहरा बाजार की सड़क व गजराबहरा से गड़ा खाड़ रैला राजमिलन तक कोल परिवहन के कारण हुई जर्जर, पैदल चलना भी हुआ दुश्वार, ग्रामीणजन परेशान
सिंगरौली। सरई वैढ़न मार्ग हो या गजरा-बहरा बाजार की सड़क व गड़ाखाड़ बाजार राजमिलन तक जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन चुके हैं। बाइक सवारों के लिए तो यह सड़क जानलेवा हो ही चुकी है, पैदल चल पाना भी मुश्किल भरा हो रहा है।
इतना ही नहीं, इन सड़कों को बनाने वाली कंपनी एमपीआरडीसी टोल लगाकर कॉमर्शियल वाहनों से टोल टैक्स वसूल कर रही है। स्थानीय लोगों ने टोल वसूलने वाली कम्पनी एमपीआरडीसी से गड्ढे भरवाने, सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
आवागमन में हो रही समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने कहाकि टोल वसूलने वाली कंपनी एमपीआरडीसी से गड्ढे भरवाए और आवागमन सुरक्षित कराए। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो कोयला परिवहन करने वाले वाहनों को रोक कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिससे होने वाली समस्या व नुकसान की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
गड्ढे में तब्दील सड़क
सड़क पर लगातार पानी पड़ने के कारण जगह-जगह डामर उखड़ गया है। भारी वाहन चलने से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है। भारी प्रदूषण से से लोग परेशान हैं। वाहनों की रफ्तार कम करके चलने, तिरपाल ढंकने से चालक परहेज कर रहे हैं।
कंपनियों के लिए कोयला परिवहन कराने वाले लोगों और आम बाजार के व्यवसायियों के बीच तनातनी की स्थितियां निर्मित हो रही हैं। जिला प्रशासन का ध्यानाकर्षित कराते हुए सड़कों के गड्ढे समतल कराए जाने की मांग की गई है।
आए दिन हो रहीं घटनाएं
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रोड में गड्डों की वजह से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। एमपीआरडीसी टोल नाका में किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं है सिर्फ पैसा वसूल रहे हैं। रोड मेंटेनेंस को लेकर एमपीआरडीसी कंपनी नकार रही है।
वहीं कार्यरत कर्मचारी द्वारा आए दिन टोल नाका में निर्धारित शुल्क से ज्यादा वसूली करते और लोगों से लड़ाई झगड़ा करते नजर आते हैं। जिसकी शिकायत जिम्मेदार अधिकारी से करने के बावजूद भी समस्या का हल नहीं हुआ।