Singrauli News: सिंगरौली में पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने किया पुलिस लाईन का वार्षिक निरीक्षण
उत्कृष्ट टर्न आउट प्रदर्शित करने वाले पुलिस कर्मियों को किया गया पुरस्कृत
सिंगरौली। पुलिस उप महानिरीक्षक, रीवा क्षेत्र रीवा राजेश सिंह चंदेल द्वारा पुलिस लाईन पचौर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। प्रात: 9 बजे पुलिस लाईन पचौर पहुंचने पर उन्हें परेड की सलामी दी गई। इसके उपरांत प्लाटूनों का निरीक्षण एवं मार्चपास्ट का आयोजन किया गया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्न आउट प्रदर्शित करने वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश
पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा वाहनों सहित विभिन्न शाखाओं का भी निरीक्षण किया गया, जिनमें प्रधान लेखक कक्ष, शस्त्रागार शाखा, स्टोर शाखा एवं वाहन शाखा का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों की ड्यूटी, प्रशिक्षण और अनुशासन की जानकारी ली एवं जवानों को फिटनेस तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष बल देने की बात कही।
निरीक्षण उपरांत आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
पुलिस उप महानिरीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने शारीरिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि उत्तम शारीरिक क्षमता ही पुलिस बल की कार्यकुशलता और अनुशासन की आधारशिला है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जवानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित भी किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को टीम भावना, आपसी सहयोग और पेशेवर दक्षता के साथ कर्तव्य निर्वहन करने का संदेश दिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सतत संवाद और आपसी विश्वास बनाए रखने की अपील की।
ये रहे शामिल
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पीएस परस्ते, एसडीओपी सिंगरौली गौरव पाण्डेय, एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सूबेदार आशीष तिवारी सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।